सहयोग एक पहल संस्थान, सिंघाना की बैठक में लिया गया संकल्प, पक्षियों के लिए ‘परिंडा लगाओ-परिंदा बचाओ’ अभियान शुरू
भीम प्रज्ञा न्यूज.सिंघाना। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर क्षेत्र की जनहित एवं पर्यावरण संरक्षण में अग्रणी सामाजिक संस्था ‘सहयोग एक पहल संस्थान’ द्वारा पर्यावरण और पक्षी संरक्षण को लेकर एक सराहनीय कदम उठाया गया है। नगरपालिका सिंघाना के कोठी की ढाणी स्थित शिव मंदिर परिसर में संस्थान की एक विशेष बैठक का आयोजन किया गया, जिसमें क्षेत्र को हरा-भरा बनाने और बेजुबान पक्षियों को भीषण गर्मी से बचाने के लिए कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।
शिक्षाविद राजेश राणा की अध्यक्षता में आयोजित इस बैठक में आगामी मानसून सत्र को लेकर विस्तृत कार्ययोजना तैयार की गई।
संस्थान के अध्यक्ष डी.पी. सैनी ने बताया कि इस बार मानसून में क्षेत्र के पर्यावरण को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से 20 हजार से अधिक फलदार और छायादार पौधे लगाने तथा उन्हें आमजन को नि:शुल्क वितरित करने का बड़ा संकल्प लिया गया है।
सबसे ज्यादा परिंडे लगाने वाले 5 सदस्य होंगे सम्मानित
संस्थान द्वारा भीषण गर्मी के इस दौर में पक्षियों की प्यास बुझाने के लिए ‘परिंडा लगाओ, परिंदा बचाओ’ अभियान का भी शंखनाद किया गया। संस्थापक सदस्य ईश्वर सिंह ने ने बताया कि अभियान के तहत सभी कार्यकर्ताओं और आमजन को अपने-अपने घरों व सार्वजनिक स्थानों पर परिंडे बांधने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। संस्थान का हौसला बढ़ाने के लिए घोषणा की गई कि क्षेत्र में सबसे ज्यादा परिंडे लगाने वाले 5 सर्वश्रेष्ठ सदस्यों को संस्थान द्वारा विशेष रूप से सम्मानित किया जाएगा। गौरतलब कि संस्थान ने पूर्व वर्षो में भी खेतड़ी कॉपर कॉम्प्लेक्स (KCC) खेतड़ी नगर के संयुक्त तत्वावधान में 21 हज़ार से अधिक फलदार एवं छायादार पेड़ निशुल्क वितरण कर कर संभल की जिम्मेदारी के साथ संरक्षित किये जा रहे हैं।
कार्यकर्ताओं ने लिया संकल्प
बैठक के दौरान ही सभी कार्यकर्ताओं ने उत्साह दिखाते हुए शिव मंदिर परिसर में सामूहिक पौधरोपण किया और पेड़ों पर पक्षियों के लिए परिंडे बांधकर दाने-पानी की व्यवस्था की। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी सदस्यों ने एकजुट होकर संस्थान के इन नेक और सामाजिक कार्यों में पूरी सक्रियता और जिम्मेदारी के साथ अपनी भागीदारी निभाने का सामूहिक संकल्प लिया। बैठक में महासचिव अजीत जांगिड़, ईश्वर सिंह, शीशराम ठेकेदार, राजू गराटी, विक्रम सैनी, पार्षद अशोक सैनी, हेतराम गोठवाल, अजय सैनी, रणजीत, बबलू, रमेश कुमार, प्रिंस शर्मा, पुरुषोत्तम, आदित्य सैनी, राधेश्याम, बुधराम गुर्जरवास आदि सदस्य उपस्थित रहे।

