भीम प्रज्ञा न्यूज.विराटनगर। राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग, अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति एवं अल्पसंख्यक महासंघ (एनयूबीसी) के संगठनात्मक विस्तार के क्रम में विराटनगर निवासी वरिष्ठ समाजसेवी बनवारी लाल (बी.एल.) मेहरड़ा को राजस्थान प्रदेश का प्रदेश उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया है। यह नियुक्ति राष्ट्रीय अध्यक्ष की अनुशंसा के आधार पर की गई है। वर्तमान में डॉ. अम्बेडकर विचार मंच के प्रदेश महासचिव के रूप में सक्रिय भूमिका निभा रहे मेहरड़ा को नई जिम्मेदारी सौंपते हुए संगठन ने विश्वास जताया है कि वे अपने दायित्वों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करते हुए संगठन को और अधिक सशक्त बनाएंगे तथा समाज के हित में प्रभावी कार्य करेंगे। महासंघ के प्रदेश महासचिव श्रवण कुमार मेहरड़ा द्वारा जारी नियुक्ति पत्र में कहा गया है कि संगठन को मेहरड़ा के अनुभव और सामाजिक सक्रियता का लाभ मिलेगा। मेहरड़ा की नियुक्ति पर प्रदेशभर के विभिन्न संगठनों, संस्थाओं के पदाधिकारियों एवं गणमान्य नागरिकों ने खुशी व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। इस अवसर पर बी.एल. मेहरड़ा ने सभी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वे संगठन की अपेक्षाओं पर खरा उतरने का हरसंभव प्रयास करेंगे और समाज के उत्थान के लिए निरंतर कार्यरत रहेंगे।
