मनोज खंडेलवाल भीम प्रज्ञा न्यूज@.मंडावर।
ग्रामीण अंचल की मिट्टी में पला-बढ़ा एक युवा जब अपने हौसलों को मेहनत की धार देता है तो उसकी सफलता पूरे क्षेत्र का गौरव बन जाती है। कुछ ऐसा ही कर दिखाया है मंडावर के युवा खिलाड़ी ललित जांगिड ने, जिसने अलवर में आयोजित शेरू क्लासिक इंडियन पावरलिफ्टिंग लीग (आईपीएल) रीजनल-2026 में शानदार प्रदर्शन करते हुए राजस्थान में प्रथम स्थान हासिल कर गोल्ड मेडल अपने नाम कर लिया। उनकी इस उपलब्धि से न केवल मंडावर बल्कि पूरे क्षेत्र में खुशी और गौरव का माहौल है। गत 7 जून को अलवर स्थित डॉ. आर.के. सिंह फार्मेसी कॉलेज में आयोजित इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में प्रदेशभर से पहुंचे खिलाड़ियों के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिला। डेडलिफ्ट और बेंचप्रेस स्पर्धा में दमखम का प्रदर्शन करते हुए मंडावर स्थित एस.के. फिटनेस जिम सेंटर के खिलाड़ी ललित पुत्र राधेश्याम जांगिड ने जूनियर वर्ग की 56 किलोग्राम बॉडीवेट श्रेणी में डेडलिफ्ट में 140 किलोग्राम तथा बेंचप्रेस में 85 किलोग्राम भार उठाकर प्रतियोगिता में अपना दबदबा कायम किया। उनके शानदार प्रदर्शन ने उन्हें राजस्थान में प्रथम स्थान दिलाया और गोल्ड मेडल का गौरव भी प्रदान किया।
ललित की इस सफलता के पीछे उसके कोच एवं एस.के. फिटनेस जिम के संचालक श्रीकांत मीना का मार्गदर्शन भी अहम माना जा रहा है। प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक जीतने के बाद ललित ने अपने कोच का आशीर्वाद प्राप्त कर उनका आभार व्यक्त किया। वहीं कोच श्रीकांत मीना ने खिलाड़ी की उपलब्धि को अनुशासन, निरंतर अभ्यास और कठिन परिश्रम का परिणाम बताते हुए आगामी प्रतियोगिताओं के लिए शुभकामनाएं दीं। स्वर्ण पदक जीतने की खबर फैलते ही मंडावर क्षेत्र में खुशी की लहर दौड़ गई। खेल प्रेमियों, सामाजिक संगठनों और युवाओं ने ललित तथा उनके कोच को बधाई देते हुए इसे क्षेत्र के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि बताया। लोगों का कहना है कि ग्रामीण क्षेत्रों में प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है, आवश्यकता केवल उचित मंच और मार्गदर्शन की होती है। कोच श्रीकांत मीना ने बताया कि अब ललित जांगिड अगले सप्ताह देश की राजधानी दिल्ली में आयोजित होने वाली शेरू क्लासिक इंडियन पावरलिफ्टिंग लीग में राजस्थान का प्रतिनिधित्व करेंगा। ऐसे में क्षेत्रवासियों की उम्मीदें अब राष्ट्रीय स्तर की इस प्रतियोगिता से जुड़ गई हैं।
