मनोज खंडेलवाल भीम प्रज्ञा न्यूज@.मंडावर।
जयपुर के प्रताप नगर क्षेत्र में 15 वर्षीय छात्रा वंशिका गर्ग की संदिग्ध मौत के मामले में मंडावर में वैश्य एवं अग्रवाल समाज ने निष्पक्ष जांच की मांग उठाई। अंतर्राष्ट्रीय वैश्य महासम्मेलन मंडावर के तहसील अध्यक्ष विजय झालानी तथा अग्रवाल सम्मेलन मंडावर के अध्यक्ष महेशचंद गर्ग के नेतृत्व में समाज के प्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री के नाम तहसीलदार अक्षयप्रेम चेयरवाल को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में मामले की उच्चस्तरीय, निष्पक्ष और समयबद्ध जांच कराने की मांग करते हुए कहा गया कि घटना को लेकर समाज में कई सवाल और चिंताएं हैं। समाज ने वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों की विशेष टीम गठित कर पूरे प्रकरण की गहन जांच कराने तथा दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की। प्रतिनिधियों ने मृतका से जुड़े मोबाइल रिकॉर्ड, कॉल डिटेल, लोकेशन डेटा, डिजिटल साक्ष्य और घटनास्थल के सभी भौतिक प्रमाणों की वैज्ञानिक जांच कराने की मांग भी रखी। साथ ही एआईएस रेजीडेंसी के सीसीटीवी फुटेज, डीवीआर और प्रवेश-निकास रजिस्टर को सुरक्षित रखने की बात कही।समाज के लोगों ने कहा कि वंशिका को न्याय मिलना जरूरी है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जांच में पारदर्शिता नहीं रही या दोषियों पर कार्रवाई नहीं हुई तो समाज व्यापक आंदोलन करने को मजबूर होगा।
