ग्रामीणों ने निजी वाहन से ट्रांसफॉर्मर बिजली विभाग कार्यालय पहुंचाया, जल्द बिजली नहीं मिलने पर सड़क जाम की चेतावनी
भीम प्रज्ञा न्यूज.सूरजगढ़।
सूरजगढ़ क्षेत्र के गांव रघुवीरपुरा (गोदा का बास) में अनुसूचित जाति के 18 परिवार पिछले आठ दिनों से बिजली आपूर्ति बंद होने से भारी परेशानी झेल रहे हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि आठ दिन पहले तेज आंधी के दौरान ट्रांसफॉर्मर गिर गया था, जिसके बाद पूरे मोहल्ले की बिजली ठप हो गई। ग्रामीणों ने बताया कि विभाग की ओर से कोई कार्रवाई नहीं होने पर उन्होंने स्वयं अपने निजी वाहन की व्यवस्था कर खराब ट्रांसफॉर्मर को बिजली विभाग के कार्यालय तक पहुंचाया, ताकि जल्द नया ट्रांसफॉर्मर लगाकर बिजली आपूर्ति बहाल की जा सके। इसके बावजूद विभाग की ओर से अब तक कोई समाधान नहीं किया गया है। ग्रामीणों का कहना है कि कई बार अधिकारियों को फोन पर और कार्यालय जाकर समस्या से अवगत कराया गया, लेकिन न तो नया ट्रांसफॉर्मर लगाया गया और न ही बिजली बहाल की गई। भीषण गर्मी में बिना बिजली के रहने से पेयजल, पंखे, कूलर और अन्य आवश्यक सुविधाएं प्रभावित हो रही हैं। महिलाओं ने विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए चेतावनी दी कि यदि एक-दो दिन के भीतर बिजली आपूर्ति शुरू नहीं की गई तो ग्रामीण बुहाना–सूरजगढ़ मार्ग पर जाम लगाकर आंदोलन करेंगे, जिसकी पूरी जिम्मेदारी बिजली विभाग और प्रशासन की होगी।
ग्रामीणों ने प्रशासन से तत्काल नया ट्रांसफॉर्मर लगाकर बिजली आपूर्ति सुचारु कराने की मांग की है। इस दौरान जगजीवन मेघवाल, आशीष कुमार, महेंद्र सिंह, कृष्णा देवी, कृपा देवी, प्रीति देवी, हेमलता, कविता, बिजली, निम्बो देवी, मोनिका, प्रिया, सार्थक, अंकित सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
