भीम प्रज्ञा न्यूज.सूरजगढ़। राजस्थान विधानसभा के गठन के 75 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित किए जा रहे ‘अमृत महोत्सव’ के तहत 15 जुलाई को जयपुर में होने वाले भव्य समापन समारोह में सूरजगढ़ के वरिष्ठ कांग्रेस विधायक श्रवण कुमार को उनके लंबे विधायी और जनसेवा के योगदान के लिए सम्मानित किया जाएगा। समारोह में भारत के उपराष्ट्रपति मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे, जबकि मुख्यमंत्री, विधानसभा अध्यक्ष, पूर्व एवं वर्तमान विधायक भी शामिल होंगे। नगर कांग्रेस कमेटी सिंघाना के अध्यक्ष डीपी सैनी ने बताया कि विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी की ओर से विधायक श्रवण कुमार को आधिकारिक निमंत्रण एवं बधाई पत्र प्राप्त हो चुका है। दोपहर 4 बजे से 5:30 बजे तक आयोजित होने वाले सम्मान समारोह में उन्हें विधानसभा में छह बार निर्वाचित होने और जनप्रतिनिधि के रूप में उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए सम्मानित किया जाएगा।
सरपंच से छह बार विधायक बनने तक का सफर
2 अक्टूबर 1954 को झुंझुनूं जिले की सूरजगढ़ तहसील के घरडू की ढाणी में जन्मे श्रवण कुमार ने राजनीति की शुरुआत गांव स्तर से की। उनके पिता स्वर्गीय गोकल राम और माता स्वर्गीय दाना देवी थीं। हायर सेकेंडरी तक शिक्षा प्राप्त करने वाले श्रवण कुमार वर्ष 1981 में पहली बार ग्राम पंचायत जीणी के सरपंच चुने गए और लगातार दो कार्यकाल तक इस पद पर रहे। इसके बाद वर्ष 1988 में वे सूरजगढ़ पंचायत समिति के उपप्रधान बने। गांव की सरकार से शुरू हुआ उनका सफर आगे चलकर राजस्थान विधानसभा तक पहुंचा।
पिलानी से शुरू हुआ विधानसभा का सफर
वर्ष 1990 में 10वीं राजस्थान विधानसभा के चुनाव में उन्होंने पिलानी सीट से निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में चुनाव लड़कर दिग्गज नेता सुमित्रा सिंह को 2,982 मतों से हराकर पहली बार विधानसभा में प्रवेश किया। इसके बाद वर्ष 1993 में कांग्रेस प्रत्याशी के रूप में उन्होंने राजेंद्र भालोटिया को 25,502 मतों के रिकॉर्ड अंतर से हराया। वर्ष 1998 में उन्होंने डॉ. मूल सिंह शेखावत को 8,914 मतों से पराजित कर पिलानी से लगातार तीसरी जीत दर्ज की।
सूरजगढ़ से भी बनाया जीत का इतिहास
परिसीमन के बाद श्रवण कुमार सूरजगढ़ विधानसभा क्षेत्र से चुनावी मैदान में उतरे। वर्ष 2008 में उन्होंने भाजपा की संतोष अहलावत को 7,214 मतों से हराकर चौथी बार विधायक बनने का गौरव हासिल किया। वर्ष 2014 के ऐतिहासिक उपचुनाव में उन्होंने भाजपा के वरिष्ठ नेता डॉ. दिगंबर सिंह को 3,270 मतों से पराजित कर पांचवीं बार विधानसभा पहुंचे। वर्ष 2023 के विधानसभा चुनाव में उन्होंने फिर शानदार प्रदर्शन करते हुए भाजपा प्रत्याशी संतोष अहलावत को 37,414 मतों के बड़े अंतर से हराया और 1,15,684 रिकॉर्ड मत प्राप्त कर छठी बार विधायक निर्वाचित हुए।
शेखावाटी में उत्साह का माहौल
राजस्थान विधानसभा के 75वें स्थापना वर्ष के अवसर पर होने वाले इस सम्मान समारोह को लेकर सूरजगढ़ विधानसभा क्षेत्र सहित पूरे शेखावाटी में कांग्रेस कार्यकर्ताओं और समर्थकों में उत्साह का माहौल है। स्थानीय नेताओं का कहना है कि यह सम्मान केवल विधायक श्रवण कुमार का नहीं, बल्कि पूरे क्षेत्र की जनता के विश्वास, जनसेवा और लोकतांत्रिक परंपरा का सम्मान है। लगातार छह बार विधानसभा पहुंचने वाले श्रवण कुमार को उनके विधायी योगदान और जनसेवा के लिए राष्ट्रीय स्तर के इस समारोह में सम्मानित किया जाना क्षेत्र के लिए गौरव का विषय माना जा रहा है।
