पवन कुमार शर्मा
भीम प्रज्ञा न्यूज.मंडावा। आदर्श विद्या मंदिर सीनियर सेकेंडरी विद्यालय, मण्डावा में विद्यार्थियों की रचनात्मक एवं सृजनात्मक प्रतिभा को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से ‘बेस्ट आउट ऑफ वेस्ट’ मॉडल मेकिंग प्रतियोगिता का आयोजन किया गया।प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने अनुपयोगी एवं बेकार वस्तुओं का उपयोग कर आकर्षक और उपयोगी मॉडल तैयार किए, जिनमें उनकी कल्पनाशीलता, नवाचार और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता स्पष्ट रूप से दिखाई दी।प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने स्मार्ट सिटी, वाटर कूलर, स्वच्छ भारत मिशन, स्मार्ट एटीएम, वॉल डेकोरेशन, पार्टी पॉप-अप, पक्षी घर (बर्ड हाउस), विभिन्न प्रकार के घरों के मॉडल, मंदिर, पवन चक्की, फेरिस व्हील (झूला), फूलदान, तिरंगा थीम, मिनी गार्डन, पर्यावरण संरक्षण मॉडल, सजावटी शो-पीस, फोटो फ्रेम, पेन स्टैंड सहित अनेक आकर्षक एवं उपयोगी क्राफ्ट मॉडल तैयार किए। विद्यार्थियों की रचनात्मक सोच और कलात्मक अभिव्यक्ति ने सभी का ध्यान आकर्षित किया। विद्यालय निदेशक अभिषेक तेतरवाल ने कहा कि शिक्षा के साथ-साथ सहशैक्षणिक गतिविधियाँ विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। ऐसे आयोजनों से विद्यार्थियों में रचनात्मक सोच, नवाचार, आत्मविश्वास, समस्या समाधान की क्षमता तथा पर्यावरण के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित होती है। कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के प्रधानाचार्य मुकेश कुमार स्वामी ने विद्यार्थियों के प्रयासों की सराहना करते हुए उन्हें भविष्य में भी अपनी प्रतिभा को इसी प्रकार निखारने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर अंजू कुर्मी, काजल शेखावत, गौतम कालोया सहित विद्यालय का समस्त स्टाफ एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे। प्रतियोगिता के सफल आयोजन ने विद्यालय परिसर को रचनात्मकता और उत्साह से सराबोर कर दिया।
