रमेशचंद
भीम प्रज्ञा न्यूज.मुंडावर। समस्त आशा सहयोगिनी संघ, मुंडावर द्वारा अपनी विभिन्न मांगों को लेकर मुंडावर विधायक ललित यादव को ज्ञापन सौंपा गया। संघ की पदाधिकारियों एवं आशा सहयोगिनियों ने विधायक को बताया कि वर्षों से स्वास्थ्य सेवाओं में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने के बावजूद उन्हें उचित मानदेय एवं सुविधाएं नहीं मिल पा रही हैं। ज्ञापन में आशा सहयोगिनियों ने मासिक मानदेय 24 हजार रुपये करने, सेवानिवृत्ति के समय 10 लाख रुपये की एकमुश्त राशि एवं 10 हजार रुपये मासिक पेंशन देने की मांग रखी। इसके अलावा विभिन्न योजनाओं का इंसेंटिव एकमुश्त भुगतान करने, टीबी सैंपल एवं आयुष्मान ऐप जैसे अतिरिक्त कार्यों से मुक्त रखने की मांग भी की गई। संघ ने एएनएम प्रशिक्षण में 50 प्रतिशत आरक्षण/छूट, स्थायी भर्तियों में 50 प्रतिशत प्राथमिकता तथा आशा सहयोगिनियों के लिए अलग से पद सृजित कर भर्ती निकालने की मांग भी विधायक के समक्ष रखी। ज्ञापन प्राप्त करने के बाद विधायक ललित यादव ने आशा सहयोगिनियों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए कहा कि उनकी जायज मांगों को सरकार तक पहुंचाने के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे। विधायक ने आश्वासन दिया कि वे मुख्यमंत्री से इस विषय में चर्चा करेंगे तथा आशा सहयोगिनियों की उचित मांगों को सड़क से लेकर सदन तक मजबूती से उठाएंगे और उनके समाधान के लिए निरंतर प्रयास करेंगे। इस दौरान आशा सहयोगिनी संघ की पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में आशा सहयोगिनियां उपस्थित रहीं।
