पवन कुमार शर्मा
भीम प्रज्ञा न्यूज.मंडावा। शहर में आवारा कुत्तों के बढ़ते आतंक को लेकर दिलराज सिंह (ठठेरा) ने नगरपालिका अधिशासी अधिकारी (ईओ) लोकेन्द्र सिंह शेखावत को ज्ञापन सौंपकर कार्रवाई की मांग की। ज्ञापन में आवारा कुत्तों को पकड़ने, रेबीज टीकाकरण, चिन्हांकन तथा उनकी व्यवस्था को लेकर सवाल उठाए गए। साथ ही हाल ही में हुई घटना के बाद शहरवासियों में व्याप्त भय का भी उल्लेख किया गया। ईओ लोकेन्द्र सिंह शेखावत ने स्पष्ट किया कि नगरपालिका द्वारा आवारा कुत्तों को पकड़कर उनका रेबीज टीकाकरण किया जा रहा है तथा पहचान के लिए उनके कान पर निशान लगाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि कुत्ते पकड़ने वाले ठेकेदार के संपर्क नंबर भी सार्वजनिक किए गए हैं और कार्य में लापरवाही होने पर नागरिक नगरपालिका में शिकायत दर्ज करा सकते हैं। ईओ ने कहा कि स्कूल प्रबंधन भी सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करें ताकि आवारा पशु परिसर में प्रवेश न कर सकें। वहीं, आमजन से भी अपील की गई कि जहां आवारा कुत्तों का झुंड दिखाई दे, उसकी सूचना तत्काल ठेकेदार को दें। बच्चे के परिजनों ने ईओ के जवाबों पर संतोष जताते हुए कहा कि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए नगरपालिका और आमजन को मिलकर लगातार प्रयास करने चाहिए। दिलराज सिंह ने कहा कि यदि नगरपालिका इसी तरह सक्रियता से कार्य करती रही तो भविष्य में आभार व्यक्त करने भी आएंगे।
