भीम प्रज्ञा न्यूज.खेतड़ी। दिल्ली के जंतर-मंतर पर आंदोलनरत छात्रों पर हुए कथित लाठीचार्ज के विरोध में मंगलवार को खेतड़ी उपखंड अधिकारी कार्यालय के बाहर विरोध-प्रदर्शन किया गया। अखिल भारतीय किसान महासभा और कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने धरना देकर केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने गोकुलचंद सैनी के नेतृत्व में प्रधानमंत्री का पुतला दहन कर अपना विरोध दर्ज कराया। वहीं, अखिल भारतीय किसान महासभा के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने उपखंड अधिकारी के माध्यम से राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा।ज्ञापन में जंतर-मंतर पर छात्रों पर हुए लाठीचार्ज की न्यायिक जांच कराने, दोषी अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने तथा केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान से इस्तीफा लेने की मांग की गई। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि छात्रों की लोकतांत्रिक मांगों को बलपूर्वक दबाना उचित नहीं है और इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।प्रदर्शन के दौरान चंदगी राम, महावीर तोगड़िया सहित बड़ी संख्या में किसान महासभा और कांग्रेस के कार्यकर्ता मौजूद रहें।
