लोहिया स्कूल में प्रतिभा सम्मान समारोह में री-नीट जिला टॉपर प्रियांशी कुलहरी को सम्मानित करते हुए अतिथिगण
री-नीट जिला टॉपर प्रियांशी कुलहरी समेत 335 मेधावियों का हुआ सम्मान

री-नीट जिला टॉपर को 2 लाख रुपए, दसवीं राज्य मेरिट में स्थान पाने वाले हर्षित को 51 हजार का पुरस्कार, जेईई व बोर्ड के प्रतिभावान विद्यार्थियों का भी हुआ सम्मान
भीम प्रज्ञा न्यूज.चिड़ावा। प्रतिभा जब सम्मान पाती है तो सफलता की नई इबारत लिखती है। इसी सोच को साकार करते हुए शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट उपलब्धियों को सम्मानित करने और नई पीढ़ी को प्रेरित करने के उद्देश्य से लोहिया शिक्षण संस्थान द्वारा मंगलवार को कृष्णा ग्रेटर फार्म हाउस में भव्य प्रतिभा सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। समारोह शिक्षा, संस्कृति और प्रेरणा का अद्भुत संगम बन गया, जहां री-नीट, जेईई, बोर्ड परीक्षाओं और सांस्कृतिक गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले कुल 335 विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। समारोह में विद्यार्थियों की उपलब्धियों पर अभिभावकों और शिक्षकों ने जोरदार तालियों के साथ उनका उत्साहवर्धन किया।कार्यक्रम के मुख्य अतिथि ओमप्रकाश शर्मा (चेयरमैन, आयुर्वेदिक कॉलेज, पिलानी) थे, जबकि अध्यक्षता पूर्व व्याख्याता विमला कुलहरी ने की। विशिष्ट अतिथियों में सुशील शर्मा (एसीबीईओ, चिड़ावा), जगवीर सिंह यादव (पूर्व जॉइंट डायरेक्टर, शिक्षा विभाग, बीकानेर), राधेश्याम शर्मा (पूर्व प्राचार्य) तथा मामराज बाबल (पूर्व प्रबंधक, एसबीआई) शामिल रहे। समारोह का मुख्य आकर्षण लोहियम करियर इंस्टीट्यूट की छात्रा प्रियांशी कुलहरी रहीं, जिन्होंने री-नीट 2026 में 720 में से 683 अंक प्राप्त कर झुंझुनूं जिले में प्रथम स्थान हासिल किया। इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर संस्थान ने प्रियांशी को 2 लाख का नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया। इसी क्रम में हर्षित कुलहरी ने दसवीं बोर्ड परीक्षा में 98.67 प्रतिशत अंक प्राप्त कर राज्य स्तरीय मेरिट में आठवां स्थान हासिल किया। उनकी इस उपलब्धि पर संस्थान की ओर से 51 हजार का नकद पुरस्कार प्रदान किया गया।

नीट और जेईई में शानदार प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को मिला विशेष सम्मान
समारोह में निखिल जांगिड़, काव्य चाहर और निशिता को री-नीट 2026 में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए सम्मानित किया गया। वहीं जेईई एडवांस में सफलता प्राप्त करने वाले निकेश प्रजापत और प्रियंका तथा जेईई मेन्स में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले वरदान शर्मा सहित कुल 18 विद्यार्थियों को विशेष पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।बोर्ड परीक्षाओं में 95 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने वाले 49, 90 से 95 प्रतिशत अंक हासिल करने वाले 83 तथा 90 प्रतिशत से अधिक अंक लाने वाले और स्थानीय कक्षाओं में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों सहित कुल 217 शैक्षणिक प्रतिभाओं का सम्मान किया गया। इसके अतिरिक्त सांस्कृतिक कार्यक्रमों में उत्कृष्ट प्रस्तुति देने वाले 118 विद्यार्थियों को भी सम्मानित किया गया। इस प्रकार समारोह में कुल 335 विद्यार्थियों को सम्मानित कर उनकी उपलब्धियों का गौरवपूर्ण सम्मान किया गया।
दो बेटों के व्याख्याता बनने पर पिता भी हुए सम्मानित
समारोह के दौरान लादूराम नेहरा (लोदीपुरा) के दोनों पुत्र कुलदीप और कपिल के आरपीएससी द्वारा आयोजित व्याख्याता भर्ती परीक्षा में चयन होने पर पूरे परिवार को सम्मानित किया गया। यह सम्मान समारोह का भावुक और प्रेरणादायी क्षण रहा।

सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां
सम्मान समारोह केवल पुरस्कार वितरण तक सीमित नहीं रहा, बल्कि विद्यार्थियों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने भी सभी का मन मोह लिया। राधा-कृष्ण की मनमोहक प्रस्तुति और हरियाणवी ग्रुप डांस ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। पूरे कार्यक्रम के दौरान उत्साह और उल्लास का वातावरण बना रहा।
संस्थान निदेशक ने पूरी टीम का बढ़ाया उत्साह
संस्थान निदेशक जगपाल सिंह यादव ने लोहियम करियर इंस्टीट्यूट की पूरी टीम को उत्कृष्ट परिणामों के लिए सम्मानित करते हुए कहा कि संस्थान का उद्देश्य केवल परीक्षा में सफलता दिलाना नहीं, बल्कि विद्यार्थियों को जीवन में श्रेष्ठ नागरिक बनाना भी है। उन्होंने कहा कि मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान अन्य छात्रों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनता है। इस अवसर पर संस्था सचिव प्रदीप नेहरा, सहसचिव अभय सिंह बडेसरा, चेयरपर्सन ममता नेहरा, प्रधानाचार्या प्रमोदिनी दुबे, प्रिंसिपल प्रमिला झाझड़िया, पूर्णमल गजराज, गुलजार खान, लोकेश भांबू, ममता चौधरी, प्रदीप सोनी, सुरेश यादव, प्रिया, श्याम सुंदर मिश्रा, रवि चोटिया, कुलदीप कनोडिया, राकेश कुमावत, राजेश मान, सरिता राव, सुरेश भालोठिया सहित संस्थान का समस्त स्टाफ, अभिभावक एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का सफल संचालन विमलेश जांगिड़ ने किया।
ग्रामीण प्रतिभाओं को तराशकर सफलता दिलाना ही हमारा लक्ष्य: रामसिंह नेहरा
लोहिया एजुकेशन ग्रुप के चेयरमैन रामसिंह नेहरा ने कहा कि आज लोहिया एजुकेशन ग्रुप चिड़ावा क्षेत्र का ऐसा शिक्षण संस्थान बन चुका है, जो ग्रामीण प्रतिभाओं को तराशकर उन्हें राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाने का कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि 10वीं और 12वीं बोर्ड परीक्षाओं के साथ-साथ री-नीट, जेईई एवं अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं में भी संस्थान के विद्यार्थी लगातार उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रहे हैं। इसकी सबसे बड़ी वजह यह है कि विद्यार्थियों को स्कूली शिक्षा के साथ ही प्रतियोगी परीक्षाओं की सुनियोजित तैयारी कराई जाती है, जिससे वे 12वीं के बाद पहले ही प्रयास में सफलता हासिल कर रहे हैं। नेहरा ने खुशी जताते हुए कहा कि प्रतिभा सम्मान समारोह में करीब 350 विद्यार्थियों का एक साथ सम्मान होना अपने आप में ऐतिहासिक उपलब्धि है। उन्होंने इसे विद्यार्थियों की मेहनत, अभिभावकों के विश्वास और शिक्षकों के समर्पण का परिणाम बताते हुए कहा कि लोहिया स्कूल जिले और राज्य स्तर पर उत्कृष्ट परिणाम देकर शिक्षा के क्षेत्र में अपनी मजबूत पहचान स्थापित कर चुका है।

“कोटा जैसी शिक्षा अब चिड़ावा में, विद्यार्थियों की सफलता हमारी सबसे बड़ी उपलब्धि”: जगपाल सिंह यादव
लोहिया एजुकेशन ग्रुप के निदेशक जगपाल सिंह यादव ने कहा कि एक समय था जब चिड़ावा क्षेत्र के विद्यार्थी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए कोटा का रुख करते थे, लेकिन आज लोहिया एजुकेशन ग्रुप ने क्षेत्र में ही कोटा जैसी गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराकर उस आवश्यकता को काफी हद तक समाप्त कर दिया है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण परिवेश में रहकर बेहतर खान-पान, पारिवारिक माहौल और अनुभवी शिक्षकों के मार्गदर्शन में विद्यार्थी नीट, जेईई तथा बोर्ड परीक्षाओं में शानदार सफलता हासिल कर रहे हैं। उन्होंने करीब 350 प्रतिभाशाली विद्यार्थियों की उपलब्धियों को इसका प्रत्यक्ष प्रमाण बताया। यादव ने कहा कि इस सफलता का श्रेय संस्थान के समर्पित शिक्षकों, विद्यार्थियों की मेहनत और अभिभावकों के अटूट विश्वास को जाता है। उन्होंने विशेष रूप से उन अभिभावकों का आभार जताया, जिन्होंने आर्थिक कठिनाइयों के बावजूद बच्चों की शिक्षा को प्राथमिकता दी। उन्होंने विश्वास दिलाया कि यदि अभिभावक और विद्यालय इसी तरह साथ चलते रहे तो सफलता हर घर का हिस्सा बनेगी।
“लोहिया स्कूल पर किया विश्वास आज सार्थक हुआ”: विमला कुलहरी
प्रतिभा सम्मान समारोह की अध्यक्षता कर रहीं सेवानिवृत्त व्याख्याता विमला कुलहरी ने कहा कि वह स्वयं को सौभाग्यशाली मानती हैं कि उनके पोता-पोती ऐसे विद्यालय में अध्ययन कर रहे हैं, जहां सैकड़ों मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान हो रहा है। उन्होंने कहा कि उनके पोता-पोती भी प्रतिभा सम्मान समारोह में टॉपर के रूप में प्रियांशी कुलहरी व हर्षित सम्मानित हुए हैं, जो उनके लिए गर्व का विषय है। उन्होंने कहा कि उन्होंने लोहिया स्कूल पर पूरा विश्वास किया था और आज विद्यालय के शिक्षकों की मेहनत तथा विद्यार्थियों के उत्कृष्ट प्रदर्शन ने उस विश्वास को सही साबित कर दिया। उन्होंने कहा कि संस्थान ने बच्चों को सफलता की नई ऊंचाइयों तक पहुंचाकर अभिभावकों और पूरे क्षेत्र का नाम गौरवान्वित किया है।
