भीम प्रज्ञा न्यूज.खेतड़ी। खेतड़ी के कांग्रेस नेता सत्यनारायण कसाना दिल्ली दौरे पर रहे। इस दौरान उन्होंने दिल्ली स्थित एआईसीसी कार्यालय में राजस्थान के पूर्व उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट से शिष्टाचार मुलाकात की। मुलाकात के दौरान दोनों नेताओं के बीच प्रदेश की राजनीतिक स्थिति, खेतड़ी विधानसभा क्षेत्र की राजनीति तथा आगामी पंचायत एवं विधानसभा चुनावों की तैयारियों को लेकर विस्तृत चर्चा हुई। सत्यनारायण कसाना ने बताया कि सचिन पायलट ने पंचायत चुनावों की तैयारियों पर विशेष जोर देते हुए कार्यकर्ताओं को अभी से सक्रिय होकर संगठन को मजबूत करने के निर्देश दिए। साथ ही खेतड़ी विधानसभा क्षेत्र में कांग्रेस की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने और बूथ स्तर तक संगठन को सशक्त बनाने पर भी चर्चा की गई। कसाना ने कहा कि आगामी विधानसभा चुनावों को देखते हुए पार्टी को मजबूत करने, कार्यकर्ताओं को एकजुट रखने और कांग्रेस की जनहितकारी नीतियों को आमजन तक पहुंचाने के लिए लगातार प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने विश्वास जताया कि संगठन की मजबूती के साथ कांग्रेस आगामी चुनावों में बेहतर प्रदर्शन करेगी।
