विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान से मतदाता सूची होगी अधिक सटीक, पारदर्शी और त्रुटिरहित घर-घर जाकर मतदाताओं का सत्यापन करेंगे बीएलओ, 15 जून से 14 जुलाई तक चलेगा अभियान
रजत विजय रंगा भीम प्रज्ञा न्यूज@.टोहाना।
टोहाना विधानसभा क्षेत्र के निर्वाचक पंजीकरण अधिकारी एवं एसडीएम आकाश शर्मा ने क्षेत्र के सभी मतदाताओं से अपील की है कि वे विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान के दौरान अपने घर पहुंचने वाले बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) को दो रंगीन पासपोर्ट साइज फोटो अवश्य उपलब्ध करवाएं, ताकि मतदाता सूची में उनकी फोटो एवं अन्य जानकारियां सही और सटीक रूप से दर्ज की जा सकें। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची को त्रुटिरहित एवं पारदर्शी बनाने के लिए प्रत्येक नागरिक का सहयोग आवश्यक है और बीएलओ द्वारा मांगी गई जानकारी उपलब्ध कराना उनकी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। एसडीएम आकाश शर्मा मंगलवार को लघु सचिवालय स्थित सभागार में आयोजित प्रेस वार्ता को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग द्वारा वर्ष 2026 के लिए विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान चलाया जा रहा है, जिसके तहत मतदाता सूची का व्यापक सत्यापन किया जाएगा। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य सभी पात्र नागरिकों के नाम मतदाता सूची में शामिल करना तथा अपात्र एवं गलत प्रविष्टियों को हटाकर सूची को अधिक विश्वसनीय बनाना है।उन्होंने बताया कि निर्वाचन आयोग ने 1 जुलाई 2026 को अर्हता तिथि निर्धारित की है। इस तिथि तक 18 वर्ष की आयु पूर्ण करने वाले सभी युवा मतदाता के रूप में अपना नाम दर्ज करवा सकेंगे। अभियान के अंतर्गत 15 जून से 14 जुलाई तक बीएलओ घर-घर जाकर मतदाताओं का सत्यापन करेंगे, एन्यूमरेशन फॉर्म भरवाएंगे, फोटो एवं अन्य विवरण अपडेट करेंगे तथा आवश्यक दस्तावेजों का सत्यापन करेंगे।
एसडीएम ने बताया कि अभियान की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। सभी 233 बीएलओ का प्रशिक्षण संपन्न हो चुका है। इसके अतिरिक्त निर्वाचक पंजीकरण अधिकारियों (ईआरओ) तथा विभिन्न राजनीतिक दलों द्वारा नियुक्त बीएलए-1 और बीएलए-2 को भी प्रशिक्षण प्रदान किया जा चुका है, ताकि पुनरीक्षण कार्य पूरी पारदर्शिता और दक्षता के साथ संपन्न हो सके।
प्रारूप सूची प्रकाशित होने के बाद अवश्य जांचें अपना नाम, पता और फोटो
एसडीएम आकाश शर्मा ने नागरिकों से आह्वान किया कि प्रारूप मतदाता सूची प्रकाशित होने के बाद वे अपने नाम, पते, फोटो तथा अन्य विवरणों की सावधानीपूर्वक जांच करें। यदि किसी प्रकार की त्रुटि या कमी दिखाई दे तो निर्धारित समयावधि के भीतर दावा अथवा आपत्ति दर्ज करवाएं।
उन्होंने बताया कि विशेष गहन पुनरीक्षण के तहत तैयार ड्राफ्ट मतदाता सूची का प्रकाशन 21 जुलाई 2026 को किया जाएगा। इसके पश्चात 21 जुलाई से 20 अगस्त तक दावे एवं आपत्तियां प्राप्त की जाएंगी, जिससे पात्र मतदाताओं के नाम जोड़े जा सकें तथा सूची में मौजूद त्रुटियों का समयबद्ध समाधान किया जा सके।उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि जनसहभागिता और प्रशासन के संयुक्त प्रयासों से विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान सफल होगा तथा क्षेत्र की मतदाता सूची और अधिक शुद्ध, अद्यतन एवं विश्वसनीय बन सकेगी। इस दौरान नायब तहसीलदार रसविंदर सिंह व सहायक सूचना एवं जनसंपर्क अधिकारी विनय बैनीवाल भी मौजूद रहे।
