रीटा चौधरी के नेतृत्व में कांग्रेस का प्रदर्शन, शिक्षा मंत्री के इस्तीफे व छात्रों पर दर्ज मुकदमे वापस लेने की उठी मांग
पवन कुमार शर्मा
भीम प्रज्ञा न्यूज.मंडावा। मंडावा कस्बे में बुधवार को कांग्रेस ने केंद्र सरकार के खिलाफ जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। नीट पेपर लीक प्रकरण तथा दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर पुलिस कार्रवाई के विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने नगरपालिका चौक पर एकत्र होकर केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पुतला दहन किया।
प्रदर्शन का नेतृत्व मंडावा विधायक एवं कांग्रेस जिलाध्यक्ष रीटा चौधरी ने किया। उन्होंने कहा कि नीट सहित विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में लगातार सामने आ रहे पेपर लीक के मामलों ने देश के लाखों युवाओं का भविष्य दांव पर लगा दिया है। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार इन मामलों में जवाबदेही तय करने में विफल रही है और युवाओं के साथ अन्याय हो रहा है। रीटा चौधरी ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान से नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफा देने की मांग की। साथ ही दिल्ली में प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर दर्ज मुकदमे वापस लेने, संसद में इस गंभीर विषय पर चर्चा कराने तथा प्रधानमंत्री से देश के युवाओं से माफी मांगने की भी मांग उठाई। उन्होंने राहुल गांधी, प्रियंका गांधी वाड्रा, कांग्रेस सांसदों एवं छात्र प्रदर्शनकारियों पर की गई पुलिस कार्रवाई की कड़ी निंदा करते हुए इसे लोकतांत्रिक अधिकारों का दमन बताया।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और भर्ती परीक्षाओं में पारदर्शिता, युवाओं के भविष्य की सुरक्षा तथा दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि यदि युवाओं के हितों की अनदेखी जारी रही तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
प्रदर्शन में कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष किरोड़ीमल पायल, पूर्व जिलाध्यक्ष सज्जन मिश्रा, पूर्व पालिकाध्यक्ष नरेश सोनी, शशि सैनी, नंदकिशोर यादव, अब्बास खान, शीशराम बुरड़क, महावीर पुनिया, अयूब खान बिसाऊ, हरिराम चेजारा, अजय कुमार सैनी, उस्मान खान, कृष्ण चावला, संजय रामगढ़िया, कमलेश मिश्रा, इकबाल खत्री, अरुण तोलासरिया, सुनील जोशी, तय्यब भाटी, महेश बुडानिया, शमशाद सीरियासर, मधुसूदन स्वामी, इलियास रंगरेज, गणपत सिंह मौजास, सगीर धोबी, भगवान सिंह बिरमी, मुन्ना धोबी, आलम खान, जॉन भाटीवाडा, पीताम्बर मिश्रा, बालकिशन शर्मा, ललित सोनी, सुनील सोनी, मांगीलाल सैनी, गोपाल चांवरिया, सुभाष चंदेलिया, फारुख मोम, वसीम खत्री सहित सैकड़ों कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
