मंडावा में जनगणना कार्यों का तहसीलदार डॉ. सुरेन्द्र भास्कर ने किया निरीक्षण, जल संरक्षण का दिया संदेश
पवन कुमार शर्मा
भीम प्रज्ञा न्यूज.मंडावा। मंडावा चार्ज जनगणना अधिकारी एवं तहसीलदार डॉ. सुरेन्द्र भास्कर ने मंगलवार को मंडावा क्षेत्र के विभिन्न जनगणना ब्लॉकों का निरीक्षण कर चल रहे कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने पर्यवेक्षकों एवं प्रगणकों से फील्ड में आ रही समस्याओं की जानकारी प्राप्त की तथा जनगणना कार्य को निर्धारित समय सीमा में गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूर्ण करने के निर्देश दिए। डॉ. भास्कर ने कहा कि जनगणना एक महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य है, इसलिए इसमें किसी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। उन्होंने प्रगणकों को घर-घर जाकर सही एवं तथ्यात्मक जानकारी एकत्रित करने के निर्देश देते हुए आमजन से भी सहयोग की अपील की।
भीषण गर्मी को देखते हुए तहसीलदार ने जनगणना कार्य में लगे कार्मिकों को अपने स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखने, पर्याप्त पानी पीने तथा धूप से बचाव के लिए आवश्यक सावधानियां बरतने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि फील्ड में कार्य करते समय स्वास्थ्य सुरक्षा को प्राथमिकता देना बेहद आवश्यक है। निरीक्षण के दौरान डॉ. सुरेन्द्र भास्कर ने जनगणना किए जा रहे घरों में पहुंचकर जानकारी का सत्यापन भी किया। इस अवसर पर उन्होंने आमजन को “वंदे भारत जल संरक्षण” अभियान की जानकारी देते हुए जल बचाने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में जल संरक्षण बेहद जरूरी है और प्रत्येक नागरिक को पानी बचाने के लिए जागरूक होना चाहिए। उन्होंने जनगणना कार्य में लगे प्रगणकों से आह्वान किया कि वे अपने नियमित कार्य के साथ-साथ ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्र के लोगों को जल संरक्षण के प्रति जागरूक करने का संदेश भी दें, ताकि समाज में पानी बचाने को लेकर सकारात्मक वातावरण तैयार हो सकें।निरीक्षण दल में जनगणना प्रकोष्ठ से राजेश चौधरी एवं संदीप मोगा भी मौजूद रहे।
