बकरीद पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण माहौल में मनाने की अपील
भीम प्रज्ञा न्यूज.बुहाना। ईद-उल-अज़हा (बकरीद) पर्व को शांतिपूर्ण एवं भाईचारे के माहौल में मनाने को लेकर बुहाना पुलिस थाने में सीएलजी बैठक का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता बुहाना थाना प्रभारी बिमला बुडानिया ने की। इस दौरान सीएलजी सदस्य, ग्राम रक्षक दल, व्यापार मंडल प्रतिनिधि एवं क्षेत्र के गणमान्य नागरिक बड़ी संख्या में मौजूद रहे। बैठक में पुलिस प्रशासन की ओर से उपस्थित लोगों से अपील की गई कि बकरीद पर्व को आपसी प्रेम, धार्मिक सौहार्द एवं शांति बनाए रखते हुए मनाया जाए। थाना प्रभारी बिमला बुडानिया ने कहा कि त्योहार के दौरान कानून व्यवस्था बिगाड़ने, शराब पीकर हुड़दंग मचाने या सोशल मीडिया पर धार्मिक एवं साम्प्रदायिक भावना भड़काने वाली पोस्ट करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने लोगों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत पुलिस को सूचना देने की अपील की। बैठक के दौरान साइबर अपराधों से बचाव, यातायात एवं सड़क सुरक्षा नियमों, राजकॉप सिटीजन ऐप के उपयोग तथा नए आपराधिक कानूनों के संबंध में भी विस्तार से जानकारी दी गई। पुलिस अधिकारियों ने आमजन से डिजिटल सुरक्षा को लेकर सतर्क रहने और साइबर ठगी से बचने के उपाय बताए। इस अवसर पर उपस्थित सीएलजी सदस्यों एवं नागरिकों ने क्षेत्र की विभिन्न समस्याएं और सुझाव भी रखे, जिन्हें पुलिस प्रशासन ने गंभीरता से सुनते हुए आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया।बैठक में चेयरमैन दशरथ सिंह, भरत बोहरा, पूर्व उपप्रधान राजपाल सिंह, ग्राम सेवक महेंद्र, सुनील कुमार, रहीश खान, मुकेश सैन, घनश्याम सहित अनेक गणमान्य नागरिक मौजूद रहें।
