रोडवेज के नए सब डिपो निर्माण का दिया भरोसा, विभिन्न सामाजिक संगठनों ने पगड़ी और शाल ओढ़ाकर किया भव्य स्वागत
भीम प्रज्ञा न्यूज.महेंद्रगढ़।
हरियाणा सरकार के अतिरिक्त मुख्य सचिव डॉ. वी. राजा शेखर 33 वर्षों के लंबे अंतराल के बाद महेंद्रगढ़ पहुंचे। यहाँ पहुंचने पर ढोल-नगाड़ों और बैंड-बाजे के साथ उन्हें सम्मानपूर्वक महाराजा अग्रसेन कॉम्प्लेक्स तक ले जाया गया। इस दौरान डॉ. शेखर ने सर्वप्रथम अमर शहीद राव तुलाराम, महाराजा विश्वकर्मा और संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
शिक्षा से बदली महेंद्रगढ़ की तस्वीर:
डॉ. वी राजा शेखर वूंडरू ने समारोह को संबोधित करते हुए महेंद्रगढ़ कॉम्प्लेक्स व अन्य पुराने विकास कार्यों की यादों को साझा किया। उन्होंने क्षेत्र में हुए बदलावों की सराहना करते हुए कहा कि शिक्षा ने महेंद्रगढ़ की तस्वीर बदल दी है। इसके साथ ही उन्होंने स्थानीय लोगों की मांग पर महेंद्रगढ़ में रोडवेज के नए सब डिपो के जल्द निर्माण का पूरा भरोसा दिया।
विभिन्न संगठनों ने किया जोरदार नागरिक अभिनंदन
इस गरिमामयी अवसर पर ‘सर्व अनुसूचित जाति संघर्ष समिति’ ने डॉ. वी राजा शेखर को ज्ञान, करुणा और समता का अग्रदूत बताते हुए पगड़ी पहनाकर, शाल ओढ़ाकर, मोमेंटो व बुके भेंट कर सम्मानित किया। साथ ही, क्षेत्र की विभिन्न सामाजिक, धार्मिक, राजनीतिक और व्यापारिक संस्थाओं ने भी अंगवस्त्र व पुष्पमालाएं पहनाकर उनका भव्य स्वागत किया।
ये गणमान्य लोग रहे उपस्थित:
इस ऐतिहासिक स्वागत समारोह में पूर्व विधायक राव बहादुर सिंह, कॉम्प्लेक्स के प्रधान रामचंद्र, बस्ती राम, सर्व अनुसूचित जाति संघर्ष समिति के प्रधान चंदन सिंह जालवान, महासचिव बिरदी चंद गोठवाल, उपाध्यक्ष राजेश चांवरिया, समिति प्रवक्ता एवं प्रधान अनिल फाण्डन, कोली समाज के प्रधान तोताराम, मानव समाज सेवा फाउंडेशन के प्रधान जयपाल सिंह, सचिव सुमेर सिंह गोठवाल, पूर्व थानेदार कालूराम मेहरा, पूर्व डीजीएम महेंद्र खन्ना, अमरनाथ सिरोहा, राजेंद्र जलवान, हरि राम सिरोहा और खंड प्रधान विकास बचीनी सहित सैकड़ों गणमान्य नागरिक उपस्थित रहें।
