महंगाई और कम मानदेय से परेशान वर्कर्स बोलीं—सरकार हमारी समस्याओं की अनदेखी कर रही है
अशोक मेहरा
भीम प्रज्ञा न्यूज.रोहतक।
मिड-डे मील वर्कर्स यूनियन हरियाणा के आह्वान पर महम शहर में मिड-डे मील वर्कर्स ने अपनी लंबित मांगों को लेकर रोष प्रदर्शन किया। प्रदर्शन का नेतृत्व यूनियन के राज्य सचिव चंद्र प्रकाश ने किया। इस दौरान वर्कर्स ने सरकार से उनकी समस्याओं का शीघ्र समाधान करने की मांग उठाई। राज्य सचिव चंद्र प्रकाश ने कहा कि बढ़ती महंगाई के दौर में मिड-डे मील वर्कर्स बेहद कम मानदेय पर काम करने को मजबूर हैं। आर्थिक तंगी के कारण उनके परिवारों का भरण-पोषण करना कठिन होता जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार लगातार उनकी मांगों की अनदेखी कर रही है तथा कई स्थानों पर वर्कर्स को बड़े पैमाने पर कार्य से हटाया जा रहा है, जिससे उनमें असुरक्षा की भावना बढ़ रही है।
4 अगस्त को नहीं बनेगा मिड-डे मील
यूनियन ने घोषणा की कि अपनी मांगों के समर्थन में प्रदेशभर की मिड-डे मील वर्कर्स 4 अगस्त को विद्यालयों में भोजन नहीं बनाएंगी। इसके बाद बड़ी संख्या में वर्कर्स कुरुक्षेत्र पहुंचकर मुख्यमंत्री के समक्ष अपनी मांगें रखेंगी। यूनियन पदाधिकारियों ने सभी वर्कर्स से हड़ताल में शामिल होकर अधिक से अधिक संख्या में कुरुक्षेत्र पहुंचने का आह्वान किया।
मानदेय और रोजगार सुरक्षा की उठी मांग
प्रदर्शन के दौरान वक्ताओं ने कहा कि मिड-डे मील वर्कर्स वर्षों से शिक्षा व्यवस्था का महत्वपूर्ण हिस्सा रही हैं, लेकिन उन्हें न तो सम्मानजनक मानदेय मिल रहा है और न ही रोजगार की सुरक्षा। उन्होंने सरकार से वर्कर्स के हित में ठोस नीति बनाकर उनकी लंबित मांगों का शीघ्र समाधान करने की मांग की।
ये रहे मौजूद
प्रदर्शन में जिला प्रधान बबीता देवी, ब्लॉक प्रधान कांता देवी, दयावती, मूर्ति देवी, अनीता देवी, सुनीता देवी, मीना देवी और संतोष देवी सहित बड़ी संख्या में महिला वर्कर्स उपस्थित रहीं। मिड-डे मील वर्कर्स ने स्पष्ट किया कि यदि उनकी मांगों पर सकारात्मक पहल नहीं हुई तो आंदोलन को प्रदेश स्तर पर और अधिक व्यापक बनाया जाएगा।
