रमेश चन्द
भीम प्रज्ञा न्यूज.नीमराना। उपखंड क्षेत्र के गांव पेहल में सोमवार शाम घड़ी स्थान के नीचे स्थित पहाड़ी पर अचानक भीषण आग लग गई। तेज लपटें उठती देख ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। देखते ही देखते आग ने आसपास के क्षेत्र को अपनी चपेट में लेना शुरू कर दिया। आग की ऊंची लपटें दूर-दूर तक दिखाई देने से आसपास के लोगों में भय का माहौल बन गया। ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए तुरंत दमकल विभाग और वन विभाग को सूचना दी। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते आग पर काबू नहीं पाया गया तो यह विकराल रूप धारण कर सकती है और पहाड़ी क्षेत्र में वन संपदा को बड़ा नुकसान हो सकता है। सूचना पर खैरथल से दमकल अधिकारी बबलू के नेतृत्व में राहुल शर्मा, प्रदीप और जितेंद्र की टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाने का प्रयास शुरू कर दिया। देर शाम तक दमकलकर्मी आग पर काबू पाने में जुटे रहे। प्रशासन और वन विभाग की टीमें भी मौके के लिए रवाना हो गई हैं। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। ग्रामीणों ने आशंका जताई है कि तेज गर्मी और सूखी घास के कारण आग तेजी से फैली है।
