भीम प्रज्ञा न्यूज.झुंझुनूं। बैंक ऑफ बड़ौदा के 119वें स्थापना दिवस के अवसर पर जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डाइट) झुंझुनूं में वृक्षारोपण एवं वित्तीय जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।कार्यक्रम के मुख्य अतिथि बैंक ऑफ बड़ौदा के क्षेत्रीय प्रमुख हेमराज अग्रवाल रहे, जबकि विशिष्ट अतिथि उप क्षेत्रीय प्रमुख कपिल डी. अंतानी, डाइट प्रभागाध्यक्ष प्रमेन्द्र कुल्हार, एडीईओ राजेश हलवान एवं संस्थापन अधिकारी विक्रम शेखावत उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता डाइट की उपाचार्य सीमा सूरा ने की। हेमराज अग्रवाल ने कहा कि बैंक ऑफ बड़ौदा वित्तीय सेवाओं के साथ-साथ सामाजिक सरोकारों के कार्यों में भी अग्रणी भूमिका निभा रहा है। सीमा सूरा ने ग्रीन एनवायरमेंट अभियान के तहत वृक्षारोपण पहल की सराहना करते हुए बैंक टीम का आभार व्यक्त किया। प्रभागाध्यक्ष प्रमेन्द्र कुल्हार ने पर्यावरण संरक्षण एवं अधिकाधिक वृक्षारोपण के महत्व पर प्रकाश डाला। वहीं बैंक के सुरेश सैनी ने वित्तीय जागरूकता अभियान के तहत बैंक की विभिन्न योजनाओं, उत्पादों एवं सेवाओं की जानकारी देकर बैंकिंग सुविधाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम में बैंक अधिकारियों, डाइट स्टाफ एवं छात्राध्यापकों ने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया। इस अवसर पर विधि, विकास, अंजू सैनी, अंजू, सुरेंद्र, हितेंद्र चोमल, श्रीराम, शशिकांत, जयप्रकाश, मनोज इंडोलिया सहित बैंक एवं डाइट परिवार के सदस्य उपस्थित रहें।
