भामाशाह सतीश सिंह शेखावत ने विद्यालय को भेंट की स्काउट गाइड वर्दी
पवन कुमार शर्मा।
भीम प्रज्ञा न्यूज.पलसाना | निकटवर्ती ग्राम गोरधनपुरा स्थित राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में स्काउट एवं गाइड विद्यार्थियों के लिए आयोजित प्रेरणादायी कार्यक्रम में भामाशाह सतीश सिंह शेखावत ने 40 स्काउट-गाइड यूनिफॉर्म भेंट कर सेवा और सहयोग की उत्कृष्ट मिसाल प्रस्तुत की। यूनिफॉर्म प्राप्त करते ही विद्यार्थियों के चेहरों पर खुशी और उत्साह साफ झलकने लगा। इस अवसर पर सतीश सिंह शेखावत ने अपने उद्बोधन में कहा कि “विद्यार्थी ही देश का भविष्य हैं।स्काउट-गाइड बच्चों में अनुशासन, सेवा, नेतृत्व, आत्मविश्वास और राष्ट्रप्रेम जैसे गुण विकसित करता है। समाज के सक्षम लोगों को शिक्षा और स्काउट-गाइड जैसी गतिविधियों के लिए आगे आकर सहयोग करना चाहिए। यदि हमारे छोटे से प्रयास से विद्यार्थियों का उत्साह बढ़ता है और उन्हें आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलती है, तो इससे बड़ा कोई संतोष नहीं हो सकता।” मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी, समग्र शिक्षा पलसाना कार्यालय से एसीबीईओ प्रथम इंदूकला महला ने बताया कि प्रत्येक विद्यालय में स्काउट-गाइड गतिविधियों का संचालन व्यवस्थित एवं सुनियोजित ढंग से किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि विद्यालय की सक्रिय स्काउट-गाइड गतिविधियों से प्रेरित होकर भामाशाह द्वारा किया गया यह सहयोग अत्यंत सराहनीय है तथा इससे अन्य समाजसेवियों को भी शिक्षा एवं स्काउटिंग के क्षेत्र में योगदान देने की प्रेरणा मिलेगी। उन्होंने कहा कि स्काउट-गाइड विद्यार्थियों में अनुशासन, सेवा, नेतृत्व एवं राष्ट्रभक्ति की भावना विकसित करने का प्रभावी माध्यम है। ऐसे सहयोग से विद्यार्थियों का मनोबल बढ़ता है और वे स्काउटिंग गतिविधियों में और अधिक उत्साह के साथ भाग लेने के लिए प्रेरित होते हैं। यूनिफॉर्म वितरण समारोह की अध्यक्षता विद्यालय के प्रधानाचार्य ने की। इस अवसर पर ग्राम के ललित कुमार, पंकज कुमार शर्मा, विद्यालय परिवार, गणमान्य नागरिक एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का सफल संचालन सत्यनारायण शर्मा ने किया।
