लघु सचिवालय में आयोजित उपमंडल स्तरीय समाधान शिविर में एसडीएम ने सुनी नागरिकों की समस्याएं
भीम प्रज्ञा न्यूज़.टोहाना@रजत विजय रंगा
एसडीएम आकाश शर्मा ने कहा कि आमजन की शिकायतों का तत्परता से समाधान करना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसी उद्देश्य से मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी के मार्गदर्शन में प्रदेश में जिला व उपमंडल स्तर पर समाधान शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। एसडीएम आकाश शर्मा ने वीरवार को लघु सचिवालय स्थित अपने कार्यालय में आयोजित समाधान शिविर में आमजन की समस्याएं सुनते प्राथमिकता से समाधान करवाने के संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए।
एसडीएम ने कहा कि प्रशासन का उद्देश्य है कि कोई भी पात्र व्यक्ति सरकारी योजनाओं से वंचित न रहे। सभी विभाग यह सुनिश्चित करें कि शिकायतों का जल्द से जल्द निपटारा किया जाए। हर नागरिक को बिना किसी परेशानी के सरकारी सेवाएं उपलब्ध हो और पात्र व्यक्ति योजनाओं का लाभ लेने से वंचित न रहे।
एसडीएम आकाश शर्मा ने कहा कि समाधान शिविरों में नागरिकों की ओर से परिवार पहचान पत्र आईडी में आय संबंधी त्रुटियों और नए सदस्य जोड़ने से जुड़ी सामने आई हैं। इसके अलावा राशन कार्ड, पुलिस और बिजली विभाग से संबंधित शिकायतें भी प्राप्त हुई हैं। उन्होंने बताया कि इन सभी मुद्दों के त्वरित निपटान के लिए सम्बंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर दिए गए हैं, ताकि लोगों को शीघ्र राहत मिल सके।
उन्होंने बताया कि समाधान शिविरों के माध्यम से नागरिकों की विभिन्न प्रशासनिक और शासकीय विभागों से जुड़ी समस्याओं का तुरंत निपटारा किया जा रहा है। उन्होंने आमजन से अपील की कि यदि किसी नागरिक को किसी भी प्रकार की परेशानी है तो वह निःसंकोच समाधान शिविर में आकर अपनी शिकायत दर्ज कराए।
उन्होंने यह भी कहा कि प्रशासन और प्रदेश सरकार हमेशा नागरिकों की सहायता के लिए तत्पर है। एसडीएम ने बताया कि प्रशासन हर सोमवार और वीरवार को सुबह 10 से 12 बजे तक समाधान शिविर में जनता की समस्याएं सुनकर त्वरित समाधान सुनिश्चित कर रहा है। समाधान शिविर में डीएसपी उमेद सिंह, बीडीपीओ राहुल श्योकंद, अधीक्षक मुकेश कुमार, टैक्स इंस्पेक्टर बलजीत शर्मा, सुपरवाइजर कर्मजीत कौर, उमेद बूरा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहें।
