सर्दी के मौसम को देखते हुए एसडीएम आकाश शर्मा ने जरूरतमंदों को बांटे कंबल
भीम प्रज्ञा न्यूज़ टोहाना@रजत विजय रंगा
। सर्दी के मौसम के मध्यनजर एसडीएम आकाश शर्मा द्वारा क्षेत्र में सार्वजनिक स्थलों एवं रैन बसेरों का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन सहित विभिन्न स्थानों पर जरूरतमंदों को ठंड से बचाव हेतु कंबल वितरित किए, ताकि शीतलहर के प्रभाव से उन्हें सुरक्षित रखा जा सके।
एसडीएम आकाश शर्मा ने सार्वजनिक स्थलों पर तथा अपने कार्यालय में पहुँचे जरूरतमंद व्यक्तियों को ठंड से बचाव हेतु कंबल वितरित किए, ताकि शीत ऋतु के दौरान उन्हें आवश्यक राहत उपलब्ध कराई जा सके। उन्होंने कहा कि ठंड के मौसम में जरूरतमंदों के लिए प्रशासन द्वारा भी सभी आवश्यक व्यवस्थाएँ सुनिश्चित की गई है।
इसके पश्चात एसडीएम ने क्षेत्र में संचालित रैन बसेरों का निरीक्षण कर वहां उपलब्ध सुविधाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान गर्म बिस्तर, कंबल, स्वच्छ पेयजल, साफ-सफाई एवं प्रकाश व्यवस्था की स्थिति की समीक्षा की गई। संबंधित विभागों को निर्देश दिए गए हैं कि रैन बसेरों में उपलब्ध सुविधाओं में किसी प्रकार की कमी न रहे और सभी व्यवस्थाएँ निरंतर क्रियाशील रहें।
एसडीएम ने नगर परिषद द्वारा संचालित रैन बसेरों को 24 घंटे खुला रखने तथा नियमित निरीक्षण की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही रैन बसेरों में ठहरने वाले व्यक्तियों का रिकॉर्ड संधारित करने के निर्देश भी दिए, जिससे आवश्यकता पड़ने पर समय पर आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई जा सके।
इसके अतिरिक्त एसडीएम ने कहा कि यदि कोई व्यक्ति शीत ऋतु के दौरान खुले में ठहरता हुआ पाया जाए, तो उसे तुरंत नजदीकी रैन बसेरे में पहुँचाया जाए। प्रशासन द्वारा यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि सर्दी के मौसम में सभी आवश्यक व्यवस्थाएँ प्रभावी रूप से लागू रहें और किसी भी व्यक्ति को प्रतिकूल परिस्थितियों का सामना न करना पड़े
