मेघवाल समाज बीकानेर की नई जिला कार्यकारिणी ने ली शपथ,
मेघवाल समाज बीकानेर की नई जिला कार्यकारिणी ने ली शपथ,
सामाजिक सुधार और संविधान मूल्यों के लिए संकल्प
भीम प्रज्ञा न्यूज़.सोहनलाल परिहार@बीकानेर।
राजस्थान मेघवाल समाज संस्था की बीकानेर जिला कार्यकारिणी का शपथ ग्रहण समारोह करणी नगर स्थित मेघवाल समाज भवन में भव्य और गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। समारोह में संस्था के प्रदेश अध्यक्ष सांगीलाल मेघवाल के सान्निध्य में 20 नवनियुक्त पदाधिकारियों ने पद एवं गोपनीयता की शपथ लेकर समाज सेवा का संकल्प लिया।
संविधान और सामाजिक उत्थान पर जोर
कार्यक्रम में सभी नवनियुक्त सदस्यों ने भारतीय संविधान की मर्यादा और विधि के अनुरूप कार्य करने, समाज को संगठित करने तथा वंचित वर्गों के उत्थान के लिए समर्पित रहने का संकल्प दोहराया। प्रदेश अध्यक्ष सांगीलाल मेघवाल ने जिला कार्यकारिणी को बधाई देते हुए कहा कि संगठन की मजबूती से ही समाज में समानता, न्याय और बंधुत्व के मूल्यों को सशक्त किया जा सकता है। प्रदेश सचिव सोहनलाल मेघवाल ने डॉ. भीमराव अंबेडकर के विचारों को आत्मसात करते हुए शिक्षा और संगठन को समाज की प्रगति का आधार बताया।
युवाओं को शिक्षा, स्टार्टअप और उद्यमिता का संदेश
समारोह के मुख्य वक्ता ‘भीम प्रज्ञा’ दैनिक समाचार पत्र के संपादक हरेश पंवार ने सामाजिक जागृति, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और युवाओं को एंटरप्रेन्योरशिप व स्टार्टअप की ओर अग्रसर होने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि केवल सरकारी नौकरियों पर निर्भर रहना आज के समय में पर्याप्त नहीं है। समाज को आत्मनिर्भर बनाने के लिए उद्योग-धंधों और नवाचार को अपनाना होगा। उन्होंने सामाजिक कुरीतियों पर चिंता जताते हुए कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के दबाव में विवाह की आयु बढ़ना और पारिवारिक असंतुलन समाज के लिए गंभीर विषय बनता जा रहा है। राजनीति में करियर बनाने के इच्छुक युवाओं से उन्होंने सुनियोजित तैयारी और स्पष्ट विजन के साथ आगे आने की अपील की।
एकजुटता और कुरीतियों के विरुद्ध संघर्ष का आह्वान

वरिष्ठ पत्रकार सोहनलाल परि
हार ने समाज को संबोधित करते हुए कहा कि जब तक समाज एक मंच पर संगठित नहीं होगा, तब तक वास्तविक प्रगति संभव नहीं है। उन्होंने मृत्यु भोज जैसी कुरीतियों को समाप्त करने और बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर की विचारधारा के अनुरूप शिक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने पर बल दिया।
गरिमामय उपस्थिति और संचालन
कार्यक्रम का मंच संचालन राजस्थान शिक्षा संघ (अंबेडकर) के जिला अध्यक्ष बृजेश कुमार पवार ने किया। समारोह में समाज के अनेक जनप्रतिनिधि, सरपंच, सामाजिक कार्यकर्ता और गणमान्यजन उपस्थित रहे। प्रमुख रूप से जिला अध्यक्ष त्रिलोक चंद जयपाल, अम्बाराम इणखिया, रामदेव कोलासर, झवर पन्नू, जेठाराम पटवारी, दुलीचंद बौद्ध, केसाराम, रामूराम मेघवाल, हरजीराम मेघवाल, अर्जुन राम मेघवाल, भैया राम मेघवाल, गोपाराम मेघवाल, पी.आर. लील, राजेश जनागल, सुनील जनागल, गिरधारी लाल मेघवाल, प्रकाश भाटी, कैलाश चंदेल, सम्पत लाल कांटिया, प्रहलाद मेघवाल, गोपीचंद लंगा, बाबूलाल जल, मगनलाल पवार, रेखा राम मेघवाल, किशनलाल गोविंदसर और विकास मेघवाल सहित बड़ी संख्या में समाजजन मौजूद रहें।
नई कार्यकारिणी का संकल्प
बीकानेर जिला अध्यक्ष त्रिलोक जयपाल और उनकी टीम ने संकल्प लिया कि वे समाज के अंतिम व्यक्ति तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने, शिक्षा और सामाजिक जागरूकता को बढ़ावा देने तथा कुरीतियों के विरुद्ध निरंतर अभियान चलाएंगे। समारोह के अंत में सभी आगंतुकों का आभार प्रकट किया गया। यह आयोजन न केवल संगठनात्मक मजबूती का प्रतीक बना, बल्कि सामाजिक चेतना, एकजुटता और संविधान आधारित मूल्यों को आगे बढ़ाने का प्रेरक संदेश भी दे गया।
