नोबल गौरव सम्मान यात्रा 2026: ग्रामीण प्रतिभाओं को मिलेगा मंच, स्कूटी व साइकिल देकर किया जाएगा सम्मान
90% से अधिक अंक लाने वाले विद्यार्थियों का गांव-गांव में होगा अभिनंदन, शिक्षा व करियर मार्गदर्शन पर रहेगा विशेष फोकस
भीम प्रज्ञा न्यूज़ पचेरी।
ग्रामीण क्षेत्र की प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने और शिक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से नोबल शिक्षण समूह, देवलावास द्वारा “नोबल गौरव सम्मान यात्रा 2026” का आयोजन किया जा रहा है। इस अनूठी पहल के तहत गांव-गांव जाकर मेधावी छात्र-छात्राओं का सम्मान किया जाएगा तथा शिक्षा और करियर निर्माण के प्रति जागरूकता फैलाने का प्रयास किया जाएगा।
नोबल एजुकेशन ग्रुप के निदेशक इंजीनियर संदीप नेहरा ने बताया कि इस वर्ष 10वीं और 12वीं में 97 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने वाले 3 विद्यार्थियों को स्कूटी देकर सम्मानित किया जाएगा। वहीं 92 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने वाले 36 विद्यार्थियों को साइकिल प्रदान की जाएगी। इसके अलावा 90 प्रतिशत से अधिक अंक लाने वाले विद्यार्थियों को “नोबल वॉच” देकर सम्मानित किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि यह सम्मान कार्यक्रम गांव की चौपाल पर आयोजित होगा, जहां पूरे गांव की उपस्थिति में मेधावी विद्यार्थियों का अभिनंदन किया जाएगा। पिछले 25 वर्षों से चल रही इस परंपरा को ग्रामीणों द्वारा खूब सराहा जा रहा है और इसे सामाजिक प्रेरणा का एक सशक्त माध्यम माना जा रहा है।
यात्रा का शुभारंभ 19 अप्रैल रविवार को भीर्र गांव के स्कूल मैदान से शाम 5:00 बजे होगा। इसके बाद यह यात्रा विभिन्न गांवों से गुजरते हुए 20 अप्रैल को भालोठ बस स्टैंड पर शाम 5:00 बजे पहुंचेगी। 26 अप्रैल को सुबह कुहाड़वास में अभिनंदन समारोह आयोजित किया जाएगा, जबकि उसी दिन शाम 5:00 देवलावास गांव के पंचायत घर के सामने प्रतिभाओं का भव्य सम्मान किया जाएगा।
इस अभियान के दौरान विद्यार्थियों, अभिभावकों और शिक्षकों के बीच संवाद कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे, जिनमें करियर काउंसलिंग, शिक्षा के महत्व और भविष्य की दिशा पर मार्गदर्शन दिया जाएगा। यह पहल विद्यार्थियों को न केवल सम्मानित करने तक सीमित नहीं है, बल्कि उन्हें एक आदर्श नागरिक बनने के लिए प्रेरित करने का भी प्रयास है।
नोबल शिक्षण समूह द्वारा इस यात्रा के लिए विभिन्न क्षेत्रों में शिक्षकों को जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं, ताकि कार्यक्रम का सफल संचालन सुनिश्चित किया जा सके। हर गांव में इस आयोजन के दौरान उत्सव जैसा माहौल देखने को मिलेगा, जहां शिक्षा, संस्कार और संवाद के माध्यम से समाज में सकारात्मक बदलाव का संदेश दिया जाएगा।
ग्रामीणों ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे शिक्षा और सामाजिक उत्थान की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया है। यह सम्मान यात्रा निश्चित रूप से मेधावी विद्यार्थियों के आत्मविश्वास को बढ़ाने और अन्य बच्चों को भी उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रेरित करने का कार्य करेगी।

