अज्ञात वाहन की टक्कर से ऊंटगाड़ी मजदूर की मौत, परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
ईंट भट्टे पर मजदूरी करने जा रहे चालक की मौके पर दर्दनाक मौत, ऊंट भी घायल
भीम प्रज्ञा न्यूज़ | पचेरी।
पचेरी कलां थाना क्षेत्र में रविवार अलसुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में ऊंटगाड़ी चालक मजदूर की मौत हो गई। हादसे के बाद क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई तथा मृतक के परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।
जानकारी के अनुसार माजरी गांव निवासी बृजलाल पुत्र होशियार सिंह (45) रोज की तरह ऊंटगाड़ी लेकर डूमोली गांव स्थित ईंट भट्टे पर ईंट भराई के कार्य के लिए जा रहा था। इसी दौरान दिल्ली-झुंझुनूं सड़क मार्ग पर किसी अज्ञात वाहन ने उसकी ऊंटगाड़ी को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बृजलाल की मौके पर ही कुचलने से मौत हो गई, जबकि ऊंटगाड़ी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे में ऊंट भी गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसका उपचार करवाया जा रहा है।
घटना की सूचना मिलने पर पचेरी कलां पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर सिंघाना सीएचसी में पोस्टमार्टम करवाया। बाद में शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस अज्ञात वाहन की तलाश में जुटी हुई है।
मृतक मजदूर बृजलाल मेहनत-मजदूरी कर अपने परिवार का पालन-पोषण करता था। उसकी पत्नी मिंकु को जैसे ही हादसे की सूचना मिली, वह बदहवास हो गई। परिवार के अनुसार उसका पुत्र इशांत ग्रेजुएशन की पढ़ाई कर रहा है, जबकि कुछ समय पहले ही मजदूर ने अपनी बेटी की शादी की थी। परिवार की आर्थिक जिम्मेदारी पूरी तरह बृजलाल के कंधों पर थी।
ग्रामीणों ने बताया कि बृजलाल गांव का मिलनसार और मेहनती व्यक्ति था, जो वर्षों से ऊंटगाड़ी के माध्यम से मजदूरी कर अपने परिवार का जीवनयापन कर रहा था। उसकी अकाल मृत्यु से गांव में गहरा शोक व्याप्त है। घटना के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण मृतक के घर पहुंचे और परिजनों को ढांढस बंधाया।
