शिक्षक संघ (सियाराम) की स्थायी समिति की बैठक जयपुर में हुई सम्पन्न
भीम प्रज्ञा न्यूज.जयपुर। राजस्थान शिक्षक संघ (सियाराम) के संरक्षक मंडल एवं स्थाई समिति की बैठक जयपुर स्थित प्रांतीय कार्यालय में मुख्य संरक्षक एवं प्रशासनिक अध्यक्ष सियाराम शर्मा की अध्यक्षता में आयोजित हुई।प्रदेश महामंत्री रामदयाल मीणा ने बताया कि 18 मई को रामगंजमंडी में आयोजित विशाल शिक्षक रैली को लेकर शिक्षा मंत्री द्वारा अपने कार्यकर्ता के माध्यम से पुलिस थाने में झूठी व आधारहीन रिपोर्ट दर्ज करवाने की बैठक में कड़ी निंदा करते हुए निंदा प्रस्ताव पारित किया गया। बैठक में रैली के सफल एवं ऐतिहासिक आयोजन के लिए सभी पदाधिकारियों एवं शिक्षकों का आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद प्रस्ताव भी पारित किया गया।प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष नवीन कुमार शर्मा ने बताया कि बैठक में आंदोलन को लेकर संगठन की आगामी रणनीति एवं संगठनात्मक विषयों पर विस्तृत चर्चा की गई। बैठक को प्रदेश अध्यक्ष वीरेन्द्र शर्मा, कार्यकारी अध्यक्ष नवीन कुमार शर्मा, मुख्य महामंत्री उम्मेद सिंह डूडी सहित कई पदाधिकारियों ने संबोधित किया।
