पवन कुमार शर्मा
भीम प्रज्ञा न्यूज.मंडावा।
राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय, हेतमसर में मंगलवार को हिन्दुस्तान स्काउट गाइड के तत्वावधान में आयोजित अभिरुचि शिविर का शुभारंभ किया गया। शिविर 20 जून तक संचालित होगा, जिसमें कक्षा 9वीं से 12वीं तक की बालिकाओं को विभिन्न कौशलों का प्रशिक्षण दिया जाएगा। डीईओ स्काउट प्रदीप ईसरवाल ने बताया कि ऐसे प्रशिक्षण शिविर बालिकाओं के व्यक्तित्व विकास के साथ-साथ जीवन शैली के विभिन्न क्षेत्रों में दक्षता बढ़ाने में सहायक होते हैं।कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रही प्रधानाचार्या अंजना चौधरी ने छात्राओं को निडर होकर अपने लक्ष्य प्राप्त करने के लिए प्रेरित किया। मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी अशोक कुमार शर्मा ने कहा कि विद्यार्थियों एवं युवाओं की छिपी प्रतिभाओं और रुचियों को निखारने के उद्देश्य से “अभिरुचि शिविर” जैसे ग्रीष्मकालीन कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि कला, संगीत, योग, कौशल विकास और डिजिटल साक्षरता जैसी गतिविधियों के माध्यम से बच्चों की गर्मियों की छुट्टियों का सकारात्मक उपयोग सुनिश्चित किया जा रहा है। सीबीईओ मण्डावा पवन कुमार ने कहा कि इन शिविरों का उद्देश्य विद्यार्थियों की रचनात्मक प्रतिभाओं को मंच प्रदान करना है। शिविर में कला, संगीत, योग, खेलकूद, डिजिटल साक्षरता एवं अन्य रचनात्मक गतिविधियों का प्रशिक्षण दिया जा रहा है, जिससे बच्चों की छिपी प्रतिभाएं निखरकर सामने आ रही हैं।
इस अवसर पर सेवानिवृत्त प्रधानाचार्य पितराम सिंह गोदारा सहित अन्य गणमान्य नागरिक, विद्यालय स्टाफ एवं प्रशिक्षणार्थी उपस्थित रहें।
