1700 प्रतिभागियों को पीछे छोड़ टॉप-5 में बनाई जगह, परिवार व गांव का बढ़ाया मान
सुमेर मीणा
भीम प्रज्ञा न्यूज.उदयपुरवाटी। कस्बे के कुआ सावनहाला निवासी डॉ. तपन कुमार विश्वास की पुत्री मीनाक्षी विश्वास ने “मिसेज राजस्थान 2026” प्रतियोगिता में रनर अप का खिताब जीतकर परिवार, गांव और क्षेत्र का नाम रोशन किया है। मीनाक्षी की इस उपलब्धि से उदयपुरवाटी क्षेत्र में खुशी का माहौल है तथा लोगों द्वारा उन्हें लगातार बधाइयां दी जा रही हैं। जयपुर स्थित होटल हेईवा हेवन रिसोर्ट में आयोजित ग्रैंड फिनाले में मीनाक्षी विश्वास ने अपनी शानदार रैंप वॉक, टैलेंट और प्रभावशाली पर्सनालिटी से निर्णायकों को प्रभावित किया। प्रतियोगिता में प्रदेशभर से करीब 1700 महिलाओं ने ऑडिशन दिया था, जिनमें से चयनित होकर मीनाक्षी ने 24 फाइनलिस्ट में जगह बनाई और अपनी मेहनत व आत्मविश्वास के दम पर रनर अप का खिताब अपने नाम किया। इसके साथ ही मीनाक्षी विश्वास ने “रेडिएंट स्किन 2026” का विशेष खिताब भी जीता। बताया जा रहा है कि मीनाक्षी का सपना हमेशा से फैशन इंडस्ट्री में अपनी पहचान बनाने का था, जिसे उन्होंने वर्ष 2026 में साकार कर दिखाया। उन्होंने इससे पहले मुंबई में भी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया था। यह पेजेंट फ्यूजन ग्रुप द्वारा आयोजित किया गया था, जिसकी व्यवस्थाएं योगेश मिश्रा और निमिषा मिश्रा द्वारा संभाली गईं। मीनाक्षी की इस सफलता पर परिवारजनों, रिश्तेदारों, मित्रों और क्षेत्रवासियों ने खुशी जताते हुए उन्हें उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी हैं। इस अवसर पर डॉ. तपन विश्वास के मित्र मूलचंद सैनी ने भी मीनाक्षी को बधाई प्रेषित की।
