खेतड़ी के विकास, युवाओं के रोजगार और सामाजिक चिंतन को लेकर रखे विचार
भीम प्रज्ञा न्यूज़ | खेतड़ी
खेतड़ी के समाजसेवी एवं प्रखर चिंतक सुधीर गुप्ता का 52वां जन्मदिन हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर शहर के शुभचिंतकों, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं कांग्रेस नेताओं ने केक काटकर उन्हें शुभकामनाएं दीं तथा उनके स्वस्थ, दीर्घायु और सक्रिय जीवन की कामना की। कार्यक्रम का आयोजन कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं जिला उपाध्यक्ष गोकुलचंद्र सैनी के नेतृत्व में किया गया। इस दौरान उपस्थित लोगों ने सुधीर गुप्ता के सामाजिक सरोकारों, जनहित के मुद्दों पर उनकी सक्रियता तथा खेतड़ी के विकास को लेकर उनके विचारों की सराहना की। कार्यक्रम में पत्रकार संघ अध्यक्ष नरेंद्र स्वामी, एडवोकेट हरेश पंवार, राकेश कुमावत, विजेंद्र शर्मा, निकेश पारीक, विनोद सोनी, केशव प्रसाद सहित बड़ी संख्या में गणमान्य लोग उपस्थित रहे। सभी ने सुधीर गुप्ता को जन्मदिन की शुभकामनाएं देते हुए उनके सामाजिक योगदान को प्रेरणादायी बताया।
इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि सुधीर गुप्ता लंबे समय से खेतड़ी क्षेत्र की दशा और दिशा को लेकर गंभीर चिंतन करते रहे हैं। युवाओं के रोजगार, शिक्षा, संस्कार, सामाजिक चेतना एवं क्षेत्र के चहुंमुखी विकास को लेकर उनके कई विचार समाज में चर्चा का विषय बने हुए हैं। वक्ताओं ने कहा कि सुधीर गुप्ता एक प्रखर वक्ता के रूप में अपनी अलग पहचान रखते हैं और सामाजिक सरोकारों से जुड़े मुद्दों पर बेबाकी से अपनी बात रखते हैं। कांग्रेस पार्टी के समर्पित कार्यकर्ता के रूप में भी वे लगातार जनहित के विषयों को उठाते रहे हैं। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित लोगों ने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए समाज सेवा के क्षेत्र में निरंतर सक्रिय रहने का आग्रह किया।

