नई रेल सेवाओं एवं यात्री सुविधाओं की मांगों को लेकर रेलमंत्री के नाम स्टेशन प्रबंधक को सौंपेंगे मांग पत्र
भीम प्रज्ञा न्यूज.झुंझुनूं। शेखावाटी रेल विकास संघर्ष समिति द्वारा 3 जून को अपरान्ह 3.30 बजे रेलवे स्टेशन पर वंदे भारत एक्सप्रेस टॉय ट्रेन चलायी जायेगी। साथ ही नई रेल सेवाओं का संचालन शुरू करने एवं यात्री सुविधाओं में बढ़ोतरी की मांगों को लेकर स्टेशन प्रबंधक को रेलमंत्री के नाम 12 सूत्री मांग पत्र भी सौंपा जायेगा।
शेखावाटी रेल विकास संघर्ष समिति के अध्यक्ष प्रदीप अग्रवाल ने बताया कि समिति ने एक टॉय निर्माता कम्पनी से एक विशेष वंदे भारत एक्सप्रेस टॉय ट्रेन मंगवाई है, जिसे 3 जून को अपरान्ह 3.30 बजे स्टेशन पर चलाया जायेगा। इस ट्रेन के माध्यम से शेखावाटी अंचल में रेल सुविधाओं के अभावों की ओर सरकार का ध्यान खींचा जायेगा। सरकार पूरे देश में वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेनों का संचालन कर रही है, लेकिन न जाने क्यों वीरों एवं भामाशाहों की भूमि शेखावाटी क्षेत्र को भूखा-नंगा समझ कर यह रेल सेवा शुरू नहीं कर रही है। देश एवं प्रदेश में एक ही पार्टी की सरकार होने के बावजूद सरकार जनता की आवाज नहीं सुन रही है। अग्रवाल ने बताया कि मांग पत्र में जयपुर-हरिद्वार-जयपुर वाया रींगस, सीकर, झुंझुनूं, लोहारू, दिल्ली के रास्ते प्रतिदिन वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन चलाने सहित 11 अन्य मांगों को शामिल किया जायेगा।
