भीम प्रज्ञा न्यूज.चिड़ावा। जनसहयोग से संचालित वृद्ध, असहाय, निराश्रित एवं जरूरतमंद प्रभुजनों की सेवा हेतु समर्पित श्री श्याम शरणम् आश्रम, चिड़ावा का भव्य शुभारम्भ रविवार को लोहार्गल पीठ के महन्त अवधेशाचार्य महाराज एवं जिला कलेक्टर झुंझुनूं डॉ. अरुण गर्ग के करकमलों से सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम का शुभारम्भ दीप प्रज्ज्वलन एवं मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण के साथ हुआ। आश्रम की प्रबंधक अंकिता सैनी ने जिला कलेक्टर डॉ. अरुण गर्ग का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला कलेक्टर ने कहा कि असहाय एवं जरूरतमंद वृद्धजनों की सेवा से बढ़कर कोई पुण्य कार्य नहीं हो सकता। उन्होंने कहा कि “नर सेवा ही नारायण सेवा है और प्रत्येक व्यक्ति को सम्मान, स्वास्थ्य एवं सुख के साथ जीवन जीने का अधिकार है।” उन्होंने आश्रम संचालन समिति को आश्वस्त किया कि आवश्यकता पड़ने पर वे व्यक्तिगत स्तर पर भी हरसंभव सहयोग के लिए तत्पर रहेंगे। महन्त अवधेशाचार्य महाराज ने आश्रम की सफलता एवं जनकल्याण के लिए आशीर्वचन देते हुए कहा कि आदर्श समाज में वृद्धाश्रमों की आवश्यकता नहीं होनी चाहिए, लेकिन वर्तमान सामाजिक विसंगतियों के कारण ऐसे सेवा कार्य समय की मांग बन गए हैं। उन्होंने कहा कि हमारे वरिष्ठ एवं असहाय जनों को किसी भी परिस्थिति में उपेक्षा और कष्ट का सामना नहीं करना चाहिए। हाल ही में देश के श्रेष्ठ 100 जिला कलेक्टरों में नामित होकर सम्मानित होने पर डॉ. अरुण गर्ग को कार्यक्रम में उपस्थित लोगों की ओर से संजय शर्मा ने हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर वाणीभूषण प्रभुशरण तिवारी, पूर्व चेयरमैन रामगोपाल मिश्र एवं संजय शर्मा ने भी अपने विचार व्यक्त करते हुए आश्रम की इस पहल को समाज के लिए प्रेरणादायी बताया। कार्यक्रम की अध्यक्षता पूर्व पुलिस अधीक्षक सुंदरलाल अरड़ावतिया ने की। उन्होंने कहा कि 82 वर्ष की आयु में उन्होंने चिड़ावा में ऐसा सामाजिक, मानवीय एवं पुण्य कार्य पहली बार देखा है, जो समाज के जरूरतमंद लोगों के लिए एक नई उम्मीद बनकर सामने आया है। आश्रम के निदेशक अनिल शर्मा भारती ने अपने उद्बोधन में कहा कि उन्हें अपने पूज्य माता-पिता की प्रेरणा से इस सेवा कार्य का संकल्प मिला। उन्होंने कहा कि “आपका थोड़ा-सा समय, सहयोग और संवेदना किसी जरूरतमंद व्यक्ति की पूरी जिंदगी बदल सकती है।” उन्होंने बताया कि आश्रम की हेल्पलाइन 24 घंटे उपलब्ध रहेगी तथा आश्रम की रेस्क्यू टीम हर समय जरूरतमंद वृद्ध, असहाय एवं निराश्रित लोगों की सहायता के लिए तत्पर रहेगी। कार्यक्रम का प्रभावी संचालन कवि नगेन्द्र शर्मा ने किया। कार्यक्रम मे मूर्तिकार मातुराम वर्मा, महेश शर्मा आजाद, कर्मवीर कटेवा, डॉ लक्ष्मीकांत शर्मा, रामवतार जांगिड़ पूर्व सरपंच सैदपुर,
सुरेश जलिंद्र पूर्व पार्षद, मंजु पवन शर्मा, अनिल, रमेश शून्य, राजेंद्र ढाका, जय सिंह डूडी, संतोष सैनी, अरुण दधीच,
अशोक शर्मा, सुभाष व्यास, देव चौधरी, महेश ढेढीया,आशीष अगरवाल, चंद्र शेखर बागड़ी, रामचंद्र बागड़ी,सहित अनेक गणमान्य नागरिक, समाजसेवी एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे। मानवता, करुणा और सेवा के इस पावन संकल्प के साथ श्री श्याम शरणम् आश्रम ने चिड़ावा क्षेत्र में जरूरतमंद वृद्धजनों के लिए सम्मान, सुरक्षा और अपनत्व का एक नया आश्रय प्रदान करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बढ़ाया है।
