भीम प्रज्ञा न्यूज़ नीमराना @रमेश चन्द!
क्षेत्र का नाम राष्ट्रीय स्तर पर रोशन करते हुए दौलतसिंहपुरा गांव की ढाणी बडगुजरवाली के होनहार खिलाड़ी अमन कुमार ने 13वीं ओपन नेशनल ताइक्वांडो चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक जीता है। उत्तराखंड के हल्द्वानी में आयोजित इस प्रतियोगिता में देशभर के ताइक्वांडो खिलाड़ियों नेy हिस्सा लिया था। अमन ने 68 किलोग्राम भार वर्ग में अपने शानदार प्रदर्शन, आत्मविश्वास और तकनीक के दम पर सभी मुकाबले जीते और फाइनल में जीत के बाद गोल्ड मेडल एवं प्रशस्ति पत्र प्राप्त किया। अमन की इस उपलब्धि से पूरे नीमराना क्षेत्र में खुशी की लहर है। समाजसेवी संजय झगड़ोलिया ने बताया कि अमन शुरू से ही खेल के प्रति समर्पित रहा है। कठिन मेहनत और अनुशासन के कारण उसने राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाई है। अमन के पिता सुरेंद्र सिंह और दादाजी कृष्ण कुमार ने बताया कि उनका बेटा भविष्य में अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भारत का प्रतिनिधित्व कर देश के लिए पदक जीतना चाहता है। अमन ने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता, कोच और शुभचिंतकों को देते हुए कहा कि वह ताइक्वांडो में और मेहनत कर देश का नाम ऊंचा करेगा।
अमन की इस जीत पर क्षेत्र के खेल प्रेमियों, ग्रामीणों और गणमान्य नागरिकों ने बधाई दी है। लोगों का कहना है कि सीमित संसाधनों के बावजूद अमन ने जो मुकाम हासिल किया है, वह क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणा बनेगा। ग्रामीणों ने मांग की है कि प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को आगे बढ़ाने के लिए सरकार और प्रशासन को उचित सुविधाएं व सहयोग उपलब्ध कराना चाहिए, ताकि अमन जैसे और खिलाड़ी अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंच सकें।
