भीम प्रज्ञा न्यूज.बुहाना। बुहाना थाना क्षेत्र के जयसिंहपुरा गांव के निकट सोमवार देर रात एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया, जब पेट्रोल-डीजल से भरा एक टैंकर अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गया। हादसा रात करीब 12 बजे हुआ। टैंकर बुहाना से सूरजगढ़ की ओर जा रहा था। दुर्घटना की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और राहत कार्य शुरू किया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टैंकर के पलटते ही सड़क पर वाहनों की लंबी कतार लग गई। पेट्रोल और डीजल से भरे टैंकर के पलटने की खबर आसपास के क्षेत्र में तेजी से फैल गई, जिसके बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर एकत्र हो गए। लोगों में आशंका थी कि यदि टैंकर में आग लग जाती या कोई अन्य दुर्घटना हो जाती तो बड़ा नुकसान हो सकता था। ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए टैंकर चालक को सुरक्षित बाहर निकाला। इसके बाद टैंकर को सड़क से हटाने के लिए क्रेन मंगवाई गई। करीब तीन से चार क्रेनों की मदद से काफी मशक्कत के बाद टैंकर को सड़क किनारे सुरक्षित स्थान पर खड़ा कराया गया। इस दौरान यातायात प्रभावित रहा और दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।
सूचना मिलने पर बुहाना थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला। पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था के बीच यातायात को नियंत्रित किया तथा टैंकर को सुरक्षित स्थान पर खड़ा करवाकर सड़क मार्ग को सुचारू कराया। कई घंटों की मशक्कत के बाद यातायात सामान्य हो सका। गनीमत रही कि हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई और न ही किसी प्रकार का विस्फोट या आगजनी की घटना हुई। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते राहत कार्य नहीं किया जाता तो यह दुर्घटना बड़े हादसे का रूप ले सकती थी। पुलिस मामले की जांच कर रही है तथा टैंकर पलटने के कारणों का पता लगाया जा रहा है। प्रारंभिक तौर पर चालक का वाहन पर नियंत्रण खोना दुर्घटना का कारण माना जा रहा है।
