छात्रों को दिए गए कानूनी अधिकारों और साइबर सुरक्षा के टिप्स
रमेशचंद
भीम प्रज्ञा न्यूज.बहरोड़। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, कोटपूतली- बहरोड़ के तत्वावधान में गुरुवार को सर्वोदय बाल भारती स्कूल, बहरोड़ में अंतर्राष्ट्रीय न्याय दिवस के अवसर पर विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में न्याय मित्र एवं वरिष्ठ सुरक्षा सखी किरण ने विद्यार्थियों को इस दिवस के महत्व की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि 17 जुलाई 1998 को रोम में रोम संविधि पारित की गई थी, जिसके तहत आईसीसी यानी अंतर्राष्ट्रीय आपराधिक न्यायालय की स्थापना हुई। इसी कारण 17 जुलाई को विश्वभर में अंतर्राष्ट्रीय न्याय दिवस मनाया जाता है। इस दिवस को मनाने का मुख्य उद्देश्य न्याय के लिए एकजुट होना और मानवाधिकारों की रक्षा करना है। यह दिवस हमें यह याद दिलाता है कि कानून से ऊपर कोई नहीं है और जब तक न्याय नहीं होगा, तब तक शांति स्थापित नहीं हो सकती।
किरण ने छात्रों को साइबर सुरक्षा के प्रति भी जागरूक किया। उन्होंने ऑनलाइन ठगी, फर्जी कॉल और सोशल मीडिया फ्रॉड से बचने के उपाय बताए और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत शिकायत करने की सलाह दी। कार्यक्रम में विद्यालय के निदेशक सज्जन सिंह, प्रिंसिपल अनिल शर्मा, प्रधानाध्यापिका ज्योति यादव, नरेश शर्मा, मीना, सुषमा और वेद प्रकाश सहित समस्त स्टाफ उपस्थित रहा। विद्यालय प्रबंधन ने कहा कि ऐसे शिविर विद्यार्थियों को उनके कानूनी अधिकारों और कर्तव्यों के प्रति जागरूक करने के साथ-साथ उन्हें जिम्मेदार नागरिक बनने में मदद करते हैं।
