मनोज खंडेलवाल
भीम प्रज्ञा न्यूज.दौसा। अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत पुनर्विकसित दौसा रेलवे स्टेशन का शुक्रवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से लोकार्पण किया। स्टेशन परिसर में आयोजित समारोह में राज्यपाल हरिभाऊ बागडे मुख्य अतिथि रहे। कार्यक्रम में केंद्रीय एवं राज्य सरकार की विकास योजनाओं के साथ रेलवे के आधुनिकीकरण को नए भारत की मजबूत तस्वीर बताया गया। जनप्रतिनिधियों, रेलवे अधिकारियों और बड़ी संख्या में लोगों की मौजूदगी ने कार्यक्रम को यादगार बना दिया। राज्यपाल हरिभाऊ बागडे ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश रेलवे, सड़क, ऊर्जा, कृषि और आधारभूत ढांचे सहित विकास के हर क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि अमृत भारत स्टेशन योजना केवल भवनों का सौंदर्यीकरण नहीं, बल्कि यात्रियों को सुरक्षित, सुगम और आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराने का बड़ा अभियान है। दौसा रेलवे स्टेशन इसका जीवंत उदाहरण बनकर सामने आया है, जहां अब यात्रियों को पहले से अधिक सुविधाजनक और बेहतर यात्रा अनुभव मिलेगा।
उन्होंने कहा कि रेलवे के विद्युतीकरण से रेल संचालन तेज, सुरक्षित और पर्यावरण के अनुकूल हुआ है। ब्रॉडगेज मार्गों पर विद्युत चालित ट्रेनों के संचालन से प्रदूषण में कमी आई है और ऊर्जा की बचत भी सुनिश्चित हुई है। साथ ही राष्ट्रीय राजमार्गों और एक्सप्रेस-वे के विस्तार से देश की कनेक्टिविटी मजबूत हुई है। प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना से करोड़ों लोगों को खाद्यान्न उपलब्ध कराया जा रहा है, जबकि स्वच्छ भारत मिशन ने ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में महिलाओं के सम्मान और सुरक्षा को नई मजबूती दी है। कृषि एवं ग्रामीण विकास मंत्री डॉ. किरोड़ीलाल मीणा ने कहा कि पिछले कुछ वर्षों में दौसा जिले में आधारभूत विकास कार्यों को नई गति मिली है। दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे बनने से राजधानी तक का सफर आसान हुआ है और अब आधुनिक रेलवे स्टेशन क्षेत्र के विकास में नई कड़ी साबित होगा। उन्होंने विश्वास जताया कि केंद्र और राज्य सरकार के समन्वित प्रयासों से ईआरसीपी परियोजना के जरिए चंबल का पानी दौसा तक पहुंचाने का सपना भी साकार होगा।
करीब 15 करोड़ रुपये की लागत से पुनर्विकसित दौसा रेलवे स्टेशन को आधुनिक स्वरूप दिया गया है। स्टेशन पर सर्कुलेटिंग एरिया का विस्तार, आधुनिक प्रतीक्षालय, फुट ओवर ब्रिज, लिफ्ट, दिव्यांगजन अनुकूल सुविधाएं, डिजिटल यात्री सूचना प्रणाली, बेहतर प्रकाश व्यवस्था तथा अन्य आवश्यक यात्री सुविधाएं विकसित की गई हैं, जिससे यात्रियों को सुरक्षित, सहज और गुणवत्तापूर्ण यात्रा का अनुभव मिलेगा।
कार्यक्रम में राज्यसभा सांसद मदन राठौड़, सांसद मुरारी लाल मीणा, विधायक डीसी बैरवा, रामबिलास मीणा, विक्रम बंशीवाल और राजेंद्र मीणा सहित अनेक जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। उत्तर पश्चिम रेलवे के महाप्रबंधक पंकज शर्मा, मंडल रेल प्रबंधक रवि जैन, जिला कलक्टर डॉ. सौम्या झा, पुलिस अधीक्षक पीयूष दीक्षित, रेलवे के वरिष्ठ अधिकारियों तथा बड़ी संख्या में नागरिकों ने भी समारोह में भाग लिया। “मंजिलें उन्हीं के कदम चूमती हैं, जिनके इरादों में दम होता है, बदलाव की राह पर बढ़ता देश ही विकास की नई इबारत लिखता है।” अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत दौसा रेलवे स्टेशन का कायाकल्प भी इसी बदलते भारत की मजबूत तस्वीर बनकर उभरा है
