–एसडीएम ने उपमंडल स्तरीय सतर्कता एवं निगरानी समिति की बैठक लेकर मामलों की समीक्षा की
रजत विजय रंगा
भीम प्रज्ञा न्यूज.टोहाना। उपमंडल स्तरीय सतर्कता एवं निगरानी समिति की बैठक सोमवार को लघु सचिवालय स्थित सभागार में एसडीएम आकाश शर्मा की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति वर्ग के हितों से जुड़ी कल्याणकारी योजनाओं, एससी/एसटी अत्याचार निवारण अधिनियम के तहत दर्ज मामलों तथा पीड़ितों को प्रदान की जा रही राहत एवं सहायता की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई।बैठक की अध्यक्षता करते हुए एसडीएम आकाश शर्मा ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति वर्ग पर अत्याचार से संबंधित मामलों में पीड़ितों को सरकार द्वारा निर्धारित आर्थिक सहायता एवं अन्य लाभ समयबद्ध तरीके से उपलब्ध करवाना सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि किसी भी पीड़ित परिवार को राहत एवं सहायता प्राप्त करने में अनावश्यक कठिनाइयों का सामना न करना पड़े और सभी मामलों का संवेदनशीलता के साथ निपटारा किया जाए।
एसडीएम ने पिछली बैठक में लिए गए निर्णयों और एजेंडा बिंदुओं की समीक्षा करते हुए संबंधित विभागों द्वारा की गई कार्रवाई की जानकारी प्राप्त की। बैठक में अनुसूचित जनजाति वर्ग से संबंधित दो मामले विचारार्थ प्रस्तुत किए गए, जो वर्तमान में जांचाधीन हैं। समिति के गैर-सरकारी सदस्यों द्वारा दिए गए सुझावों एवं प्रस्तावों पर भी विस्तारपूर्वक चर्चा की गई।उन्होंने कहा कि सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पारदर्शी एवं प्रभावी ढंग से पहुंचाना सभी विभागों की सामूहिक जिम्मेदारी है। इसके लिए विभागीय अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए यह सुनिश्चित करना चाहिए कि पात्र लाभार्थियों को समय पर सहायता उपलब्ध हो तथा उन्हें किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
एसडीएम आकाश शर्मा ने पुलिस विभाग के अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि एससी/एसटी एक्ट के तहत दर्ज मामलों में यदि अत्याचार अथवा दुर्व्यवहार की कोई शिकायत सामने आती है तो उस पर तत्काल नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि पीड़ितों को शीघ्र न्याय मिल सके और कानून के प्रति लोगों का विश्वास बना रहे। बैठक में नायब तहसीलदार अनिल कुमार, बीईओ जगदीश सेवदा, तहसील कल्याण अधिकारी विजय कुमार, एसईपीओ माया गोदारा सहित समिति के सरकारी एवं गैर-सरकारी सदस्य रमेश गोयल, डॉ. गोपीराम, कृष्ण गोयल तथा अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
