साइबर अपराध, सोशल मीडिया सुरक्षा, दहेज प्रथा उन्मूलन एवं अभय ऐप के प्रति आमजन को किया जागरूक
रजत विजय रंगा
भीम प्रज्ञा न्यूज.फतेहाबाद।
महिला सुरक्षा टीम फतेहाबाद एवं साइबर थाना फतेहाबाद द्वारा आमजन को जागरूक करने के उद्देश्य से बस स्टैंड भूना में विशेष जागरूकता अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान महिला सुरक्षा टीम प्रभारी निरीक्षक मंजू सिंह तथा साइबर थाना फतेहाबाद में तैनात महिला सहायक उपनिरीक्षक सुनीता ने उपस्थित नागरिकों, महिलाओं, युवाओं एवं विद्यार्थियों को साइबर अपराधों से बचाव, सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग तथा महिला सुरक्षा से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां दीं। अधिकारियों ने बताया कि वर्तमान समय में साइबर ठग विभिन्न माध्यमों से लोगों को अपने जाल में फंसाकर आर्थिक एवं व्यक्तिगत नुकसान पहुंचा रहे हैं। इसलिए किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ बैंक खाते, एटीएम कार्ड, ओटीपी, सीवीवी, यूपीआई पिन अथवा अन्य गोपनीय जानकारी साझा न करें। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म का उपयोग करते समय भी सावधानी बरतें तथा किसी संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने से बचें। उन्होंने बताया कि साइबर धोखाधड़ी होने पर तुरंत राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 अथवा साइबर क्राइम पोर्टल पर शिकायत दर्ज करानी चाहिए।
इस अवसर पर महिलाओं एवं युवतियों को हरियाणा पुलिस के अभय ऐप के बारे में भी विस्तार से जानकारी दी गई। अधिकारियों ने बताया कि किसी भी आपात स्थिति में अभय ऐप महिलाओं के लिए एक प्रभावी सुरक्षा साधन है, जिसके माध्यम से तत्काल सहायता प्राप्त की जा सकती है। जागरूकता कार्यक्रम के दौरान दहेज प्रथा के दुष्परिणामों पर भी प्रकाश डाला गया। आमजन को दहेज न लेने और न देने का संकल्प लेने के लिए प्रेरित करते हुए बताया गया कि दहेज एक सामाजिक बुराई है, जिसके उन्मूलन में प्रत्येक नागरिक की भागीदारी आवश्यक है। अभियान के दौरान उपस्थित लोगों को महिला सुरक्षा, साइबर सुरक्षा एवं सामाजिक जागरूकता से संबंधित पंपलेट भी वितरित किए गए तथा उन्हें अपने परिवार, मित्रों और आसपास के लोगों को भी इन विषयों के प्रति जागरूक करने का आह्वान किया गया।
