अपराध नियंत्रण और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के लिए आमजन, व्यापारिक संस्थानों व फैक्ट्री संचालकों से पुलिस का सहयोग करने की अपील
रजत विजय रंगा
भीम प्रज्ञा न्यूज.फतेहाबाद।
पुलिस अधीक्षक निकिता खट्टर, आईपीएस ने जिलेवासियों से अपील करते हुए कहा है कि अपने घरों, दुकानों, फैक्ट्रियों, ढाबों, रेस्टोरेंट तथा अन्य संस्थानों में कार्यरत बाहरी राज्यों से आए नौकरों, कर्मचारियों एवं किरायेदारों की पुलिस वेरिफिकेशन अवश्य करवाएं, ताकि जिले में कानून व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाया जा सके तथा असामाजिक गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके।पुलिस अधीक्षक निकिता खट्टर ने कहा कि कई बार आपराधिक प्रवृत्ति के लोग बाहरी क्षेत्रों से आकर किराये पर रहकर अथवा नौकरी के बहाने अपराध को अंजाम देकर फरार हो जाते हैं। ऐसे मामलों में यदि संबंधित व्यक्ति का रिकॉर्ड मकान मालिक अथवा संस्थान संचालक के पास उपलब्ध नहीं होता, तो पुलिस जांच में भी कठिनाई आती है। इसलिए सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के लिए किरायेदारों और नौकरों की सत्यापन प्रक्रिया अत्यंत आवश्यक है।
उन्होंने कहा कि फतेहाबाद पुलिस द्वारा समय-समय पर किरायेदारों एवं नौकरों की वेरिफिकेशन के लिए विशेष अभियान चलाए जाते हैं। सभी मकान मालिक, फैक्ट्री संचालक, व्यापारी, ढाबा एवं रेस्टोरेंट संचालक अपने यहां कार्यरत कर्मचारियों तथा किरायेदारों का जल्द से जल्द पुलिस सत्यापन करवाकर संबंधित थाना या चौकी में रिकॉर्ड जमा करवाएं। साथ ही स्थानीय कर्मचारियों के आधार कार्ड एवं पहचान संबंधी दस्तावेज भी अपने पास सुरक्षित रखें। एसपी निकिता खट्टर ने स्पष्ट किया कि पुलिस वेरिफिकेशन करवाने से यह सुनिश्चित किया जा सकता है कि संबंधित व्यक्ति किसी आपराधिक गतिविधि में संलिप्त तो नहीं है। सत्यापन प्रक्रिया से अपराधों पर अंकुश लगाने में मदद मिलती है और किसी भी घटना की स्थिति में आरोपियों तक शीघ्र पहुंचने में पुलिस को सहायता दी जाएं। उन्होंने कहा कि पुलिस विभाग द्वारा सत्यापन के लिए थाना स्तर पर रजिस्टर में नौकरों एवं किरायेदारों का पूरा रिकॉर्ड, फोटो एवं पहचान संबंधी जानकारी दर्ज की जाती है। यह प्रक्रिया आमजन की सुरक्षा के लिए बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि जो व्यक्ति या संस्थान किरायेदारों एवं कर्मचारियों की वेरिफिकेशन करवाने में लापरवाही बरतेंगे, उनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई अमल में लाई जाएगी
