पचेरी बस स्टैंड पर दक्ष प्रजापति फ्रूट भंडार ने राजगीरों को पिलाया शीतल पेयजल
भीम प्रज्ञा न्यूज.पचेरी।
भीषण गर्मी और बढ़ते तापमान के बीच सामाजिक सरोकार निभाते हुए पचेरी कस्बे के झुंझुनूं-दिल्ली मुख्य सड़क मार्ग स्थित बस स्टैंड पर दक्ष प्रजापति फ्रूट भंडार की ओर से राजगीरों एवं राहगीरों के लिए शीतल पेयजल सेवा का आयोजन किया गया। इस दौरान निर्माण कार्यों में लगे श्रमिकों, राजगीरों तथा बस स्टैंड पर आने-जाने वाले लोगों को ठंडा पानी पिलाकर गर्मी से राहत पहुंचाई गई।
दक्ष प्रजापति फ्रूट भंडार के संचालक राहुल प्रजापत ने बताया कि इन दिनों क्षेत्र में भीषण गर्मी पड़ रही है और तापमान लगातार बढ़ रहा है। ऐसे में मजदूरी कर रहे श्रमिकों एवं राहगीरों को राहत देने के उद्देश्य से शीतल पेयजल वितरण किया गया। उन्होंने कहा कि गर्मी के मौसम में प्यासे लोगों को पानी पिलाना सबसे बड़ा पुण्य का कार्य है और समाज के सक्षम लोगों को ऐसे सेवा कार्यों में आगे आना चाहिए। कार्यक्रम के दौरान लोगों ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे मानव सेवा का श्रेष्ठ उदाहरण बताया। पेयजल वितरण के दौरान राजगीरों और राहगीरों ने भीषण गर्मी में राहत मिलने पर आयोजकों का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर प्रेम, महेंद्र सिंह, विजय, रोशन, मनोज, दीपक योगी, राजीव, कुलदीप, माइकल सहित अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे और व्यवस्था में सहयोग किया। कार्यक्रम सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।
