भीम प्रज्ञा न्यूज.महेंद्रगढ़
अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में योगशाला जांजरियावास में ब्लॉक स्तरीय योगासन स्पोर्ट्स प्रतियोगिता का सफलतापूर्वक आयोजन किया। यह कार्यक्रम हरियाणा योग आयोग, आयुष विभाग, स्पोर्ट्स विभाग, शिक्षा विभाग और पुलिस विभाग के संयुक्त तत्वाधान में आयोजित हुआ।
प्रतियोगिता का आयोजन जिला आयुर्वेद अधिकारी डॉ. शशि बाला एवं कोऑर्डिनेटर डॉ. सतीश के दिशानिर्देशों तथा नोडल अधिकारी डॉ. सुमन के नेतृत्व में किया गया, जिसका कुशल संचालन योगशाला इंचार्ज सुनील देवी की देखरेख में संपन्न हुआ। इस अवसर पर निलेश मुद्गल, विशाल शर्मा, नितिन कुमार सहित अन्य विशेषज्ञों के निर्णायक मंडल ने विभिन्न गांवों से आए प्रतिभागियों के उत्कृष्ट योग कौशल, संतुलन और लचीलेपन का मूल्यांकन किया। कार्यक्रम में स्थानीय सरपंच अजय कुमार सहित अनेक गणमान्य नागरिकों व ग्रामीणों की गरिमामयी उपस्थिति रहीं।योगशाला इंचार्ज सुनील देवी ने बताया कि जिसमें पहला आयु वर्ग 10 से 18 वर्ष तथा दूसरा वर्ग 18 से 55 वर्ष रखा गया। 10 से 18 वर्ष में जयंत (बालक वर्ग), फलक (बालिका वर्ग), 18 से 55 वर्ष में राकेश (पुरुष वर्ग) और ज्योति (महिला वर्ग) ने अपने-अपने वर्गों में प्रथम स्थान प्राप्त किया। उन्होंने योग को भारत की प्राचीन अमूल्य विरासत बताते हुए कहा कि ऐसे ग्रामीण आयोजन युवाओं में आत्मविश्वास बढ़ाने के साथ-साथ अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के संदेश को जन-जन तक पहुंचाते हैं। कार्यक्रम के समापन पर विजेताओं को सम्मानित किया गया और सभी को नियमित योगाभ्यास के लिए प्रेरित करते हुए “करो योग, रहो निरोग” के संकल्प के साथ आयोजन का समापन हुआ।
