भीम प्रज्ञा न्यूज.दिल्ली। दिल्ली के मालवीय नगर में बुधवार सुबह लेमन ग्रीन रेस्टोरेंट में आग लग गई। इस हादसे में अब तक 21 लोगों की मौत हो चुकी है। 37 को बचा लिया गया है। इनमें से कई की हालत गंभीर है। आग पर काबू पा लिया गया है, लेकिन रेस्क्यू जारी है। सुबह 8.51 बजे बिल्डिंग के ग्राउंड फ्लोर में बने रेस्टोरेंट में आग लगी थी। यह भड़ककर ऊपर 6 मंजिला होटल फ्लोरिस स्टे तक पहुंच गई। बताया जा रहा है कि लाइसेंस सिर्फ रेस्टोरेंट का था, लेकिन इस पर होटल अवैध तरीके से चलाई जा रही थी।
दिल्ली रेस्टोरेंट आग हादसे में दोपहर 1 बजे तक 21 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है। कई विदेशियों की भी मौत हुई है। जो सेंट्रल एशिया और अफ्रीका के हैं। मालवीय नगर आग की घटना पर दिल्ली फायर सर्विसेज के PRO ए.के. मलिक ने कहा- हमें सुबह 8.50 बजे आग लगने की सूचना मिली। 8.51 बजे तक फायर इंजन रवाना कर दिया गया था। शुरू में, हमने 7 गाड़ियां भेजीं, लेकिन जैसे-जैसे कॉल की संख्या बढ़ी, हमने उसी हिसाब से गाड़ियों और कर्मचारियों की संख्या भी बढ़ा दी। हमारी जो टीम सबसे पहले पहुंची, वह तुरंत आग बुझाने और बचाव कार्यों में जुट गई। हमने शुरू में बेसमेंट से 6 लोगों को बाहर निकाला। जैसे-जैसे हम आग बुझाने का काम जारी रखे हुए थे, हम ऊपरी मंजिलों की ओर बढ़े और वहां से भी काफी संख्या में और लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। कुल मिलाकर हमने इस इमारत से 37 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला है।
दिल्ली एलजी बोले- घटना से दुखी हूं दिल्ली के LG तरनजीत सिंह संधू ने कहा- मालवीय नगर के हौज रानी स्थित एक होटल में लगी भीषण आग की घटना से मैं बेहद दुखी हूं। पुलिस, नागरिक प्रशासन और अग्निशमन बचाव दल इस समय घटनास्थल पर मौजूद हैं और राहत कार्य चला रहे हैं। अधिकारियों से बात की गई है और उन्हें निर्देश दिया गया है कि वे इस दुखद घटना में तत्काल चिकित्सा सहायता, राहत और गहन जाँच सुनिश्चित करें।


