सीआईए टोहाना पुलिस ने अवैध शराब तस्करों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए लोहाखेड़ा निवासी अमरीक सिंह उर्फ बिक्का पुत्र जग्गा सिंह को 62 बोतल अवैध देशी शराब सहित काबू किया है। सीआईए टोहाना प्रभारी उपनिरीक्षक अशोक कुमार ने बताया कि 03 जून 2026 को पुलिस टीम गश्त एवं अपराध जांच के दौरान भाखड़ा नहर पटरी मार्ग पर गांव लोहाखेड़ा की ओर जा रही थी। इसी दौरान एक व्यक्ति अपने कंधे पर प्लास्टिक की कैनी उठाए हुए आता दिखाई दिया। पुलिस वाहन को देखकर वह घबराकर वापस मुड़कर तेजी से चलने लगा। शक के आधार पर उसे काबू कर पूछताछ की गई।नियमानुसार तलाशी के दौरान उसकी कैनी से 62 बोतल अवैध देशी शराब बरामद हुई। बरामद शराब को कब्जे में लेकर आरोपी के खिलाफ थाना शहर टोहाना में अभियोग संख्या 161 दिनांक 03.06.2026 के तहत धारा 61/4/2020 आबकारी अधिनियम के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया। उपनिरीक्षक अशोक कुमार ने बताया कि आरोपी को माननीय न्यायालय में पेश किया जाएगा तथा मामले की आगामी जांच जारी है।