मनोज खंडेलवाल
भीम प्रज्ञा@ न्यूज.मंडावर
रेलवे डबलिंग परियोजना के तहत आधुनिक सुविधाओं से विकसित किए जा रहे मंडावर-महवा रोड रेलवे स्टेशन की नई भवन इमारत निर्माण गुणवत्ता को लेकर चर्चा में आ गई है। करोड़ों रुपये की लागत से तैयार हो रहे भवन में उद्घाटन से पहले ही दीवारों, पिलरों, दरवाजों और खिड़कियों के आसपास दरारें दिखाई देने लगी हैं, जिससे निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर सवाल उठ रहे हैं। अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत स्टेशन का कायाकल्प किया जा रहा है, ताकि यात्रियों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें। लेकिन भवन के विभिन्न हिस्सों में उभरी दरारों ने स्थानीय लोगों और यात्रियों की चिंताएं बढ़ा दी हैं। क्षेत्रवासियों का कहना है कि निर्माण कार्य के दौरान भी सामग्री और गुणवत्ता को लेकर सवाल उठते रहे हैं।रेल परामर्शदात्री समिति के सदस्य रोशनलाल मीना पूर्व में निरीक्षण के दौरान निर्माण गुणवत्ता पर आपत्ति जता चुके हैं। अब भवन में दिखाई दे रही दरारों ने उन आशंकाओं को और बल दिया है। स्थानीय लोगों ने रेलवे प्रशासन से मांग की है कि भवन में आई दरारों की तकनीकी जांच कराई जाए और यह स्पष्ट किया जाए कि ये सामान्य निर्माण प्रक्रिया का हिस्सा हैं या गुणवत्ता संबंधी कमी का परिणाम। लोगों का कहना है कि सार्वजनिक धन से बनने वाली परियोजनाओं में गुणवत्ता और पारदर्शिता सुनिश्चित करना आवश्यक है। अब सभी की निगाहें रेलवे प्रशासन की आगामी कार्रवाई पर टिकी हैं।
