मनोज बुलाण
भीम प्रज्ञा न्यूज@.मंडी अटेली।
ग्राम खैराना में नोकिया सीएसआर परियोजना के अंतर्गत ऋचा संस्था द्वारा संचालित स्मार्टपुर केंद्र पर सामाजिक सुरक्षा एवं जन-जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में कृषि विकास अधिकारी (पौधा संरक्षण) डॉ. सुधीर यादव तथा महिला एवं बाल विकास विभाग की प्रतिनिधि सुश्री पूजा खींची उपस्थित रहीं।कार्यक्रम के दौरान महिला एवं बाल विकास विभाग की प्रतिनिधि पूजा खींची ने महिलाओं एवं ग्रामीणों को विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं तथा सामाजिक मुद्दों के प्रति जागरूक किया। उन्होंने दहेज प्रथा उन्मूलन, 3 से 6 वर्ष आयु के बच्चों के पंजीकरण, बाल विवाह निषेध, प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना, मुख्यमंत्री मातृत्व सहायता योजना, आभा (आयुष्मान भारत हेल्थ अकाउंट), लाडली योजना तथा बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी।
कृषि विकास अधिकारी (पौधा संरक्षण) डॉ. सुधीर यादव ने किसानों एवं ग्रामीण युवाओं को कृषि क्षेत्र से जुड़ी विभिन्न योजनाओं और आधुनिक तकनीकों की जानकारी दी। उन्होंने किसान पहचान पत्र, मेरी फसल मेरा ब्यौरा, प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना, आधुनिक कृषि ढांचों एवं तकनीकों के उपयोग, कृषि को रोजगार एवं आजीविका के सशक्त साधन के रूप में अपनाने तथा डिजिटल संसाधनों के प्रभावी उपयोग पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने युवाओं एवं किसानों को डिजिटल शिक्षा और तकनीकी साधनों का उपयोग कर कृषि क्षेत्र में नई संभावनाएं तलाशने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में ग्राम खैराना के सरपंच, गणमान्य नागरिक, ग्रामीणजन तथा ऋचा संस्था की हरियाणा राज्य टीम के सदस्य उपस्थित रहे। इस अवसर पर स्मार्टपुर परियोजना के उद्देश्यों, डिजिटल सेवाओं तथा ग्रामीण समुदाय के सामाजिक एवं आर्थिक विकास में इसकी भूमिका के बारे में भी विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई। उपस्थित ग्रामीणों ने विभिन्न योजनाओं के संबंध में अपने प्रश्नों का समाधान प्राप्त किया तथा ऐसे जागरूकता कार्यक्रमों के आयोजन के लिए ऋचा संस्था एवं संबंधित विभागों का आभार व्यक्त किया।
