रजत विजय रंगा,
भीम प्रज्ञा न्यूज.फतेहाबाद।
दीपक अग्रवाल, जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह अध्यक्ष जिला विधिक सेवाएं प्राधिकरण द्वारा पर्यावरण को हरा भरा रखने, जलवायु परिवर्तन से मुकाबला करने और शुद्ध हवा की आपूर्ति सुनिश्चित करने के उद्देश्य से वृक्षारोपण अभियान का शुभारंभ किया गया। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य घटते हुए हरित आवरण को बढ़ाना और जन मानस में पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता पैदा करना था।इस कार्यक्रम के तहत न्यायालय परिसर और आसपास के क्षेत्र में विभिन्न प्रकार के छायादार फलदार और औषधीय पौधे जैसे नीम, पीपल, बरगद, अमरुद, आम लगाए गए। जिला एवं सत्र न्यायाधीश ने कहा कि पौधारोपण का यह कार्यक्रम केवल विश्व पर्यावरण दिवस तक सीमित नहीं रहना चाहिए बल्कि वर्ष भर पेड़, पानी, प्लास्टिक और प्रदूषण जैसे मुद्दों पर जमीनी और वैचारिक कार्यवाही होती रहनी चाहिए। पर्यावरणीय चेतना केवल औपचारिकता नहीं बल्कि यह जीवन शैली का हिस्सा बनना चाहिए। पर्यावरण की रक्षा केवल सरकारी प्रयासों या संस्थागत नीतियों से नहीं, बल्कि हर जागरूक नागरिक के संकल्प से संभव है।
इस अवसर पर उपस्थित नवेंदु जैन, अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश, गायत्री सिविल जज सीनियर डिवीजन, डॉ. मधुर बजाज मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी, जोगिंदर जांगड़ा न्यायिक दंडाधिकारी प्रथम श्रेणी ने भी पौधे रोपित किए। पौधारोपण करते समय सुयशा जावा मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी सह सचिव जिला विधिक सेवाएं प्राधिकरण ने कहा कि धरती हमारी माता है और उसका संरक्षण हमारा धर्म हमें इस मूल भावना को अपनाना चाहिए। जब हर पौधा पेड़ बनेगा और हर व्यक्ति उसके संरक्षण में योगदान देगा तभी पर्यावरण दिवस की सार्थकता सिद्ध होगी और वास्तविक परिवर्तन आएगा।
