मनोज खंडेलवाल भीम प्रज्ञा न्यूज@.मंडावर
। ग्राम महुखुर्द के 38 परिवारों पर बेघर होने का खतरा मंडरा रहा है। मकान हटाने एवं भूमि खाली करने के नोटिस मिलने के बाद ग्रामीण शुक्रवार को उपखंड कार्यालय मंडावर पहुंचे और नायब तहसीलदार वैभव सेठी को ज्ञापन सौंपकर बेदखली कार्रवाई पर रोक लगाने की मांग की। ग्रामीणों ने बताया कि वे कई दशकों से उक्त क्षेत्र में निवास कर रहे हैं। उनके पास ग्राम पंचायत के पट्टे, विद्युत कनेक्शन, बिजली बिल, मतदाता सूची में नाम सहित कई दस्तावेज मौजूद हैं, जो उनके स्थायी निवास का प्रमाण हैं। इसके बावजूद नोटिस मिलने से परिवारों में भय और असमंजस का माहौल है। ज्ञापन में ग्रामीणों ने मांग की कि संबंधित क्षेत्र की निष्पक्ष जांच कर वास्तविक बसावट को राजस्व अभिलेखों में “पुरानी आबादी” अथवा “आबादी क्षेत्र” के रूप में दर्ज किया जाए। उन्होंने कहा कि बिना पूर्ण जांच और सुनवाई के किसी भी परिवार को बेदखल करना न्यायसंगत नहीं होगा।ग्रामीणों ने प्रशासन से प्रकरण के अंतिम निस्तारण तक किसी भी प्रकार की निष्कासन कार्रवाई पर रोक लगाने की मांग की। ज्ञापन सौंपने के दौरान पूर्व उपसरपंच सीताराम महावर, राधाकिशन मीना, बद्री प्रसाद महावर, बिजेंद्र कोली सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। ग्रामीणों ने उम्मीद जताई कि प्रशासन संवेदनशीलता के साथ मामले का समाधान करेगा।
