रमेशचंद
भीम प्रज्ञा न्यूज.कोटपूतली-बहरोड़।
विश्व पर्यावरण दिवस-2026 एवं वंदे गंगा अभियान के अवसर पर जिले में पर्यावरण संरक्षण और जल संवर्धन को लेकर बड़े स्तर पर जन- जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। राजस्थान राज्य प्रदूषण नियंत्रण मण्डल, जिला प्रशासन कोटपूतली-बहरोड़ और जिले की प्रमुख औद्योगिक इकाइयों के संयुक्त तत्वावधान में पूरे जिले में विभिन्न गतिविधियां हुईं। नीमराना में “रन फॉर एनवायरनमेंट” मैराथन और साइकिल रैली का आयोजन किया गया। रैली में स्थानीय नागरिकों, स्कूली विद्यार्थियों, उद्योग प्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों ने उत्साह के साथ भाग लिया। रैली का उद्देश्य युवाओं और आमजन को पर्यावरण बचाने के प्रति जागरूक करना रहा। इसके साथ ही जिले भर में वृक्षारोपण अभियान चलाया गया और पर्यावरण संरक्षण, जल संरक्षण व स्वच्छता से जुड़ी सूचना, संचार एवं शिक्षा (ICE) गतिविधियां आयोजित की गईं। जागरूकता बढ़ाने के लिए कोटपूतली, बहरोड़ और नीमराना में नुक्कड़ नाटकों का मंचन किया गया। नाटकों के माध्यम से प्लास्टिक प्रदूषण के नुकसान, जल बचाने के उपाय और पर्यावरण संरक्षण का संदेश लोगों तक पहुंचाया गया। कार्यक्रम में हीरो, डाइकिन, काई, बारमाल्ट, इमर्ज ग्लास सहित जिले की प्रमुख औद्योगिक इकाइयों ने सक्रिय सहयोग किया। उद्योगों ने आमजन को कपड़े के थैले यानी कॉटन बैग्स वितरित कर एकल-उपयोग प्लास्टिक को छोड़कर पर्यावरण- अनुकूल विकल्प अपनाने का संदेश दिया। कार्यक्रमों में नागरिकों और उद्योग जगत की भागीदारी ने पर्यावरण संरक्षण के प्रति सामूहिक प्रतिबद्धता दिखाई। सभी प्रतिभागियों ने स्वच्छ, हरित और सतत भविष्य के निर्माण के लिए पर्यावरण और जल संरक्षण में योगदान देने का संकल्प लिया।
