पवन कुमार शर्मा
भीम प्रज्ञा न्यूज.मंडावा। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर गांव बाजीसर स्थित मीणा भवन में सामाजिक कार्यकर्ता अमित मीणा के नेतृत्व में पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में युवाओं और ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए विभिन्न प्रकार के पेड़-पौधे लगाए तथा पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया। इस अवसर पर अमित मीणा ने कहा कि पेड़-पौधों के बिना मानव जीवन की कल्पना संभव नहीं है। प्रत्येक व्यक्ति का दायित्व है कि वह अधिक से अधिक पौधे लगाकर प्रकृति की रक्षा में अपना योगदान दे। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में बढ़ती गर्मी और प्रदूषण को देखते हुए पेड़-पौधों का महत्व और भी अधिक बढ़ गया है। भीषण गर्मी में पेड़ हमें शुद्ध हवा और छाया प्रदान करते हैं, जिससे पर्यावरण संतुलित बना रहता है। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों को पौधों की नियमित देखभाल करने और जल संरक्षण के प्रति जागरूक रहने का संदेश भी दिया गया। ग्रामीणों ने पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन बनाने की आवश्यकता पर जोर दिया।इस दौरान बनवारीलाल निर्मल (वरिष्ठ अध्यापक), राकेश निर्मल, अभिषेक नायक, राहुल निर्मल, अरुण कुमार, अभिनव कुमार, रोहित कुमार सहित बड़ी संख्या में युवा मौजूद रहें।
