भीम प्रज्ञा न्यूज.बुहाना। सिंघाना-बुहाना मार्ग पर हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में भूरीवास निवासी एक युवक की मौत हो गई। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को तत्काल बुहाना अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने एक युवक को मृत घोषित कर दिया। सिंघाना थाना के एएसआई विनोद कुमार ने बताया कि सड़क दुर्घटना की सूचना मिलने पर पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और घायलों को उपचार के लिए बुहाना अस्पताल भिजवाया। अस्पताल में डॉक्टरों ने अमन सिंह पुत्र अमरपाल सिंह निवासी भूरीवास को मृत घोषित कर दिया।
पुलिस के अनुसार मृतक अमन सिंह सहित चार युवक एक कार में सवार होकर खाटू श्यामजी के दर्शन कर वापस लौट रहे थे, तभी सिंघाना-बुहाना मार्ग पर उनका वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसे में अन्य युवकों को भी चोटें आई हैं, जिनका उपचार जारी है। पुलिस ने शव को अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया है। परिजनों के पहुंचने के बाद पोस्टमार्टम की कार्रवाई कर शव परिजनों को सौंपा जाएगा। हादसे की सूचना मिलते ही भूरीवास गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
